menu-icon
India Daily

कौन है रुचिका सिंह? PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के बाद चर्चा में, NEET स्टूडेंट नहीं; पार्लर में करती है काम

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा निवासी रुचिका सिंह के खिलाफ Zero FIR दर्ज की गई है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
कौन है रुचिका सिंह? PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के बाद चर्चा में, NEET स्टूडेंट नहीं; पार्लर में करती है काम
Courtesy: @amardeepkaushal

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक नाम अचानक सुर्खियों में आ गया. वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है. इसके बाद नोएडा निवासी रुचिका सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई और उनके नाम पर Zero FIR दर्ज कर ली गई. अब यह मामला जांच एजेंसियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

चूंकि कथित घटना दिल्ली में हुई थी, इसलिए प्रक्रिया के तहत केस को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित किया जाएगा. इस पूरे मामले के बाद कई लोग यह जानना चाहते हैं कि रुचिका सिंह कौन हैं और उनके खिलाफ दर्ज हुई Zero FIR का आधार क्या है.

कौन हैं रुचिका सिंह?

पुलिस और सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, रुचिका सिंह नोएडा के सेक्टर-168 की निवासी हैं. बताया गया है कि वह एक ब्यूटी सैलून से जुड़ा काम करती हैं और नोएडा में उनका अपना घर भी है. जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन का एक वीडियो सामने आने के बाद उनका नाम सार्वजनिक चर्चा में आया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया.

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में दर्ज Zero FIR भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत दर्ज की गई है. शिकायत गाजियाबाद निवासी एक महिला की ओर से दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटना दिल्ली में होने के कारण कानूनी प्रक्रिया के अनुसार केस को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया जाएगा.

Zero FIR की वजह से कैसे शुरू हुई कार्रवाई?

Zero FIR ऐसी कानूनी व्यवस्था है, जिसके तहत किसी भी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, चाहे घटना उस थाना क्षेत्र की न हो. इसके बाद संबंधित क्षेत्र की पुलिस को मामला भेज दिया जाता है. इसी प्रक्रिया के तहत नोएडा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए केस दिल्ली पुलिस को भेजने का निर्णय लिया.

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा

जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में की गई कथित टिप्पणी से संवैधानिक पद की गरिमा प्रभावित हुई और इससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा हुई. इसी आधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की.

अब आगे क्या होगा?

अब मामले की आगे की जांच दिल्ली पुलिस करेगी. जांच एजेंसी वीडियो, शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों की पड़ताल करेगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी. फिलहाल मामला जांच के चरण में है और संबंधित एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं.