नई दिल्ली: दिल्ली से बिहार आने जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन यानी DTC जल्द ही बिहार के छह प्रमुख शहरों के लिए इंटर स्टेट बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है. प्रस्तावित सेवा छठ पूजा से पहले शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए दिल्ली और बिहार सरकार के बीच समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने हैं.
प्रस्तावित बस सेवा के तहत दिल्ली को बिहार के दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, पटना, गया और भागलपुर से जोड़ा जाएगा. शुरुआती चरण में करीब 70 बसें चलाने की तैयारी है. यह सेवा डीटीसी की इंटर स्टेट बस सेवाओं के विस्तार की बड़ी योजना का हिस्सा है.
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक इस पहल से दिल्ली का इंटर स्टेट बस नेटवर्क मजबूत होगा और बिहार जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिहार से जुड़े बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और दोनों राज्यों के बीच लगातार लोगों का आवागमन होता है. ऐसे में प्रमुख शहरों के लिए सीधी बस सेवा यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी.
अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित सेवाओं में सेमी स्लीपर डीलक्स बसों का इस्तेमाल किया जाएगा. इनमें एसी और नॉन एसी दोनों तरह की बसें शामिल होंगी. रूट इस तरह तय किए जाने की योजना है कि यात्रियों को बीच में बस बदलने की जरूरत न पड़े. इससे खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी.
इन सेवाओं के संचालन के लिए आनंद विहार को महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जा रहा है. यहां नया बस टर्मिनल तैयार किया जा रहा है, जो बिहार रूट पर चलने वाली बसों के लिए मुख्य हब की भूमिका निभा सकता है. आनंद विहार पहले से ही दिल्ली मेट्रो, रेलवे और इंटर स्टेट बस सेवाओं से जुड़ा प्रमुख परिवहन केंद्र है.
दिल्ली सरकार के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाने के साथ इंटर स्टेट संचालन के लिए जरूरी आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है. बिहार के लिए बस सेवा शुरू होने के बाद डीटीसी का इंटर स्टेट नेटवर्क और विस्तृत होगा. फिलहाल डीटीसी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लिए इंटर स्टेट बस सेवाएं संचालित करती है.
नई बस सेवा से बिहार जाने वाले प्रवासी मजदूरों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है. एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों सरकारें रूट, बसों की संख्या, संचालन की आवृत्ति, परमिट और समय सारणी जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगी.
छठ पूजा के दौरान दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. ऐसे में यदि सेवा तय समय पर शुरू होती है, तो त्योहार से पहले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है. हालांकि अंतिम रूट और समय सारणी आधिकारिक मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगी.