menu-icon
India Daily

छत्तीसगढ़ में 3 दिन राहत के बाद फिर बरसेंगे बादल, बिजली गिरने का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है. अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियां कम रह सकती हैं, इसके बाद मानसून फिर सक्रिय होने के आसार हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
छत्तीसगढ़ में 3 दिन राहत के बाद फिर बरसेंगे बादल, बिजली गिरने का अलर्ट जारी
Courtesy: ChatGPT

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल थोड़ी कमजोर रहने के बाद एक बार फिर बढ़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 

कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी रह सकती है, इसके बाद प्रदेश में बारिश फिर बढ़ने के आसार हैं.

बिलासपुर में अरपा नदी का जलस्तर बढ़ा

बिलासपुर में सोमवार को सुबह से शाम तक हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. शहर के निचले इलाकों में घरों और बस्तियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ जगहों पर घरों के आंगन में घुटने तक पानी पहुंच गया.

बारिश के साथ अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण पहले ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ था. अब दोबारा बारिश होने से निचली बस्तियों में खतरा बढ़ गया है. प्रशासन जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है.

धमतरी में झरने में बहे दो युवक

धमतरी जिले के नरहरा वाटरफॉल में रविवार को बड़ा हादसा होते होते बचा. झरने में नहाते समय दो युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए. पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों युवक करीब 50 फीट तक बह गए.

हालांकि वाटरफॉल में लगी रेलिंग ने उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई. दोनों युवकों ने रेलिंग के सहारे खुद को संभाले रखा. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद तेज बहाव वाले जलप्रपातों और नदी नालों में सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है.

रायपुर में छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में आज 11 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

सामान्य से 5 फीसदी कम बारिश

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. प्रदेश में अब तक 650.9 मिलीमीटर यानी करीब 25.6 इंच बारिश हो चुकी है. इस अवधि में सामान्य बारिश 686.6 मिलीमीटर यानी करीब 27 इंच होनी चाहिए थी.

इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से करीब 5 फीसदी कम है. हालांकि मौसम विभाग की श्रेणी के अनुसार प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य मानी जा रही है. आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना के चलते नदी नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.