menu-icon
India Daily

मां-बाप का झगड़ा सुलझाने पहुंचा बेटा, पिता ने गला रेत कर की मासूम की हत्या; हथियार लेकर हुआ फरार

बिहार के नवादा जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान छह वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि पिता ने धारदार हथियार से बेटे पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मां-बाप का झगड़ा सुलझाने पहुंचा बेटा, पिता ने गला रेत कर की मासूम की हत्या; हथियार लेकर हुआ फरार
Courtesy: Pinterest (Representative image)

नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कादिरगंज थाना क्षेत्र के अंदर बाजार मोहल्ले में सोमवार सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह वर्षीय इकलौते बेटे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है. घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

मृतक की पहचान आजाद कुमार के रूप में हुई है, जो कादिरगंज निवासी सुधीर गोस्वामी का पुत्र था. पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच झगड़ा होने लगा.

कैसे की हत्या?

इसी दौरान छह वर्षीय आजाद अपनी मां के पास पहुंचा और माता पिता के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश करने लगा. आरोप है कि गुस्से में पिता ने धारदार हथियार से बच्चे की गर्दन पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना के बाद आरोपित पिता हथियार लेकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. पति पत्नी गांव गांव घूमकर सिंदूर, टिकली और महिलाओं के श्रृंगार का सामान बेचकर परिवार का खर्च चलाते थे. आसपास के लोगों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. कुछ लोगों ने यह भी बताया कि पति अपनी पत्नी पर शक करता था, जिससे घर में तनाव बना रहता था. हालांकि पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

आजाद परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं. बेटे की मौत के बाद मां गहरे सदमे में है और परिवार में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार पिता बेटे से बहुत स्नेह करता था और घटना से पहले उसे बाजार भी लेकर गया था. ऐसे में हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

कादिरगंज थाना पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गिरफ्तारी के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.