पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर प्रस्तावित चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी तैयारी तेज कर दी है. राजद ने शुक्रवार को छह सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए. पार्टी ने पटना शिक्षक सीट से पूर्व विधायक संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक सीट से दिलीप कुमार को मैदान में उतारा है. इसके अलावा दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक, सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीटों के लिए भी प्रत्याशी तय किए गए हैं.
राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने शुक्रवार शाम उम्मीदवारों की सूची जारी की. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से रश्मि विनायक गौतम को टिकट दिया है. पटना शिक्षक सीट से संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक से दिलीप कुमार उम्मीदवार होंगे.
राजद ने तिरहुत शिक्षक और दरभंगा शिक्षक सीट के लिए अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है. इन दोनों सीटों पर फिलहाल महागठबंधन के सहयोगी दलों के एमएलसी हैं. दरभंगा शिक्षक सीट कांग्रेस और तिरहुत शिक्षक सीट सीपीआई के पास है. राजद ने कहा है कि दोनों सीटों पर अभी विचार चल रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि ये सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी जा सकती हैं.
विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक कोटे की आठ सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है. इन सीटों के चुनाव की घोषणा जल्द होने की संभावना है. इस बार मुकाबला बहुकोणीय हो सकता है. एनडीए और महागठबंधन के अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है. कुछ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में उतर सकते हैं.
एमएलसी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली राजद पहली प्रमुख पार्टी बन गई है. इससे पहले जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने भी जल्द प्रत्याशियों के नाम घोषित करने की बात कही थी. हालांकि, उनकी पार्टी की ओर से अब तक आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है. राजद के इस कदम से बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
पटना की शिक्षक और स्नातक सीटें लंबे समय से एनडीए के प्रभाव वाली मानी जाती हैं. शिक्षक सीट पर भाजपा के नवल किशोर यादव करीब तीन दशक से मजबूत स्थिति में हैं और लगातार पांच बार एमएलसी रह चुके हैं. वहीं पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार लगातार तीन चुनाव जीत चुके हैं. राजद ने दोनों सीटों पर नए चेहरों को चुनौती देने के लिए मैदान में उतारा है. इन सीटों पर मतदान बैलेट पेपर से होता है.