menu-icon
India Daily

Bihar Bridge Accident: वैशाली में पुल निर्माण के दौरान गिरा बीम लॉन्चर, 8 मजदूर घायल; 2 की हालत गंभीर

बिहार के वैशाली जिले में पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. लालगंज इलाके में NH-139W फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत चल रहे काम के दौरान बीम लॉन्चर और कंक्रीट स्लैब का हिस्सा गिर गया. हादसे में 8 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
Bihar Bridge Accident: वैशाली में पुल निर्माण के दौरान गिरा बीम लॉन्चर, 8 मजदूर घायल; 2 की हालत गंभीर
Courtesy: AI

बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. लालगंज इलाके में निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान बीम लॉन्चर अचानक गिर गया. इसकी चपेट में आने से कम से कम 8 मजदूर घायल हो गए. इनमें से दो मजदूरों को गंभीर चोटें आने के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है.

यह हादसा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI के NH-139W फोरलेन हाईवे प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ. यह परियोजना भारतमाला योजना का हिस्सा है.

लॉन्चर शिफ्ट करने के दौरान हुआ हादसा

NHAI के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब पुल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बीम लॉन्चर को एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान भारी मशीनरी और कंक्रीट स्लैब का हिस्सा नीचे आ गिरा. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया.

8 मजदूर घायल, दो को किया गया रेफर

हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अधिकारियों के अनुसार, छह मजदूरों का वहीं इलाज किया गया, जबकि दो लोगों की चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल में भेजा गया. जिला मजिस्ट्रेट वर्षा सिंह ने बताया कि घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच की जा रही है.

भारी लोहे के ढांचे में फंसा मजदूर

हादसे के दौरान एक युवक भारी लोहे के ढांचे के नीचे फंस गया. बताया गया कि उसका पैर मशीनरी के नीचे दब गया था. उसे निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों और बचाव दल ने काफी मशक्कत की. बचाव अभियान के दौरान युवक को राहत देने की कोशिश भी की गई. बाद में मशीनरी के हिस्से को काटकर उसे बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना के बाद NHAI ने बयान जारी कर कहा कि हादसा लॉन्चर को शिफ्ट करने के दौरान हुआ. अथॉरिटी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में पुल के निर्माणाधीन ढांचे को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है. NHAI ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों को बनाए रखना और साइट पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है. अथॉरिटी ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल की सख्ती से समीक्षा की जा रही है.