menu-icon
India Daily

96 चौके, 112 छक्के... भारत में T20I डेब्यू से पहले ही वैभव सूर्यवंशी मनवा चुके हैं अपनी बैटिंग का लोहा

भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर खास नजर रहेगी. इंग्लैंड और जिम्बाब्वे में शानदार प्रदर्शन के बाद वह पहली बार भारतीय जमीन पर T20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल सकते हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
96 चौके, 112 छक्के... भारत में T20I डेब्यू से पहले ही वैभव सूर्यवंशी मनवा चुके हैं अपनी बैटिंग का लोहा
Courtesy: ANI

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20 मैचों की सीरीज रविवार से दिल्ली में शुरू होगी. मुकाबलों की मेजबानी अरुण जेटली स्टेडियम करेगा. फैंस और टीम इंडिया दोनों के लिए बेहद खास होने वाला है, क्योंकि टीम पिछले जख्म से उभरने की कोशिश करेगी. हालांकि इस सीरीज में फैंस की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी जोकि भारत में अपना T20I डेब्यू करने वाले हैं.

15 साल के वैभव ने जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय T20 करियर शुरू किया था. इसके बाद जिम्बाब्वे में उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 151 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार हासिल किया. अब घरेलू मैदान पर उनके प्रदर्शन पर नजर होगी.

भारत में पहली बार T20I इंटरनेशनल खेलेंगे वैभव

वैभव ने अभी तक भारत में कोई T20I इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच में उन्हें मौका मिलने की संभावना है. अब तक 6 T20 इंटरनेशनल में उनके नाम 193 रन हैं. उनका औसत 32.16 रहा है और उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं. इस दौरान वैभव ने 16 चौके और 14 छक्के लगाए हैं. शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें भारतीय पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी मिल सकती है.

घरेलू T20 में वैभव का रिकॉर्ड शानदार

भारतीय जमीन पर वैभव का T20 रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है. उन्होंने यहां 30 मुकाबलों में 42.68 की औसत से 1238 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और छह अर्धशतक निकले. इनमें दो शतक आईपीएल और एक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आया. घरेलू मैदान पर उनका स्ट्राइक रेट 211.98 रहा है. उन्होंने 96 चौके और 112 छक्के भी लगाए हैं.

कुल T20 करियर में भी जमकर बरसे हैं रन

वैभव अब तक कुल 40 टी20 मैच खेल चुके हैं. इन मुकाबलों में उन्होंने 1670 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 216.32 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की तस्वीर दिखाता है. भारत के लिए 6 टी20 इंटरनेशनल खेलने के बाद अब उनकी नजर घरेलू मैदान पर पहली बड़ी पारी खेलने पर होगी. जिम्बाब्वे के खिलाफ उनका प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के भरोसे को और मजबूत कर चुका है.

दिल्ली में 7:30 बजे शुरू होगा मुकाबला

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा. टॉस 6:30 बजे होगा. भारतीय टीम में संजू सैमसन की वापसी हुई है, जबकि वैभव और अभिषेक शर्मा भी विकल्प हैं. ऐसे में ओपनिंग जोड़ी को लेकर दिलचस्प मुकाबला है. हालांकि वैभव की मौजूदा फॉर्म और जिम्बाब्वे में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की उम्मीद है.