menu-icon
India Daily

पहले मैच, फिर सुपर ओवर भी टाई... भारत-अफगानिस्तान मैच में ऐसे निकला था असली विजेता

भारत और अफगानिस्तान के बीच T20 मुकाबलों में टीम इंडिया का दबदबा रहा है. हालांकि 2024 का बेंगलुरु मैच बेहद रोमांचक रहा, जहां दो सुपर ओवर के बाद भारत ने जीत हासिल की थी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पहले मैच, फिर सुपर ओवर भी टाई... भारत-अफगानिस्तान मैच में ऐसे निकला था असली विजेता
Courtesy: ANI

रविवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है जिसके लिए दोनों टीमों ने अपनी कमर कस ली है. अफगानिस्तान की मेजबानी में दोनों टीमें नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 07:30 बजे आपस में भिड़ेंगी. लेकिन इस सीरीज के शुरु होने से पहले इस आर्टिकल में एक ऐसे रोमांचक मुकाबले के बारे में बताने वाले हैं, जहां दो सुपर ओवर खेले गए थे उसके बाद मैच का परिणाम निकला था. जिसमें भारत ने बाजी मारी थी. 

भारत ने मुश्किल हालात से बनाई बड़ी पारी

दोनों देशों के बीच अब तक 9 T20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 8 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा. हालांकि आंकड़ों से अलग इन दोनों टीमों के बीच एक ऐसा मुकाबला भी हुआ था, जिसे शायद ही कोई क्रिकेट प्रशंसक भूल पाए. 17 जनवरी 2024 को बेंगलुरु में खेला गया वह मैच दो सुपर ओवर तक पहुंचा था.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. महज 22 रन के स्कोर तक चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला. दोनों ने तेजी से रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. रोहित ने 121 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि रिंकू 69 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत ने 20 ओवर में 212 रन बनाए.

अफगानिस्तान ने भी बराबरी पर रोका

भारत के बड़े स्कोर के बावजूद अफगानिस्तान ने हार नहीं मानी. उसके बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 212 रन बना दिए. दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से होना तय हुआ. यहां से मैच ने ऐसा रोमांच पकड़ा, जिसने मैदान से लेकर टीवी स्क्रीन तक बैठे दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं.

पहला सुपर ओवर भी रहा टाई

पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 16 रन बनाए. इसके जवाब में भारत की ओर से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल उतरे. भारतीय टीम ने भी 16 रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया. इस तरह पहला सुपर ओवर भी बेनतीजा रहा और मुकाबला एक बार फिर निर्णायक ओवर की ओर बढ़ गया. अब दोनों टीमों के सामने जीत हासिल करने का आखिरी मौका था.

दूसरे सुपर ओवर में भारत ने मारी बाजी

दूसरे सुपर ओवर में भारत ने पांच गेंदों पर 11 रन बनाए, जिसमें रोहित शर्मा ने अहम योगदान दिया. इसके बाद गेंद रवि बिश्नोई के हाथों में थी. अफगानिस्तान की टीम सिर्फ तीन गेंद खेल सकी और महज 1 रन बना पाई. भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप पूरा किया. यह मैच आज भी दोनों टीमों के बीच खेले गए सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाता है.