menu-icon
India Daily

IPL 2027 के लिए DC का बड़ा मास्टरप्लान... 761 विकेट लेने वाले दिग्गज के जुड़ने से मजबूत हुआ टीम का खेमा

दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 से पहले अपनी टीम में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं. लीग शुरु होने से पहले फ्रेंचाइजी ने अपनी रणनीति बनानी तैयार कर दी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
IPL 2027 के लिए DC का बड़ा मास्टरप्लान...  761 विकेट लेने वाले दिग्गज के जुड़ने से मजबूत हुआ टीम का खेमा
Courtesy: ANI

IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी तैयारियां अभी से ही शुरु कर दी है. फ्रेंचाइजी ने अभी से अगले साल के लिए रोडमैप तैयार करना शुरु कर दिया है. DC मैनेजमेंट अपने सपोर्ट स्टाफ और टीम कॉम्बिनेशन को नया रूप देने में जुटी है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास को टीम का नया बॉलिंग कोच बनाया जा सकता है. फ्रेंचाइजी ने इस भूमिका के लिए जहीर खान और अनिल कुंबले से भी संपर्क किया था, लेकिन दोनों के साथ बात आगे नहीं बढ़ सकी. इसके अलावा युवराज सिंह को बैटिंग कोच की जिम्मेदारी पहले ही दी जा चुकी है.

चमिंडा वास पर दिल्ली ने जताया भरोसा

दिल्ली कैपिटल्स की नजर अब श्रीलंका के अनुभवी गेंदबाज चमिंडा वास पर है. रिपोर्ट के अनुसार, वह आगामी सीजन में बॉलिंग कोच की भूमिका संभाल सकते हैं. वास ने 1994 से 2008 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और तीनों फॉर्मेट में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया. उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 761 विकेट दर्ज हैं. गेंदबाजी के साथ उन्होंने 5000 से ज्यादा रन भी बनाए हैं, जिससे उनका अनुभव टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.

जहीर और कुंबले से भी हुई थी बातचीत

दिल्ली कैपिटल्स पहले भारत के कुछ पूर्व दिग्गज गेंदबाजों को कोचिंग स्टाफ में शामिल करने की कोशिश कर रही थी. रिपोर्ट के मुताबिक, जहीर खान के साथ बातचीत काफी आगे तक पहुंची थी, जबकि अनिल कुंबले से भी संपर्क किया गया था. हालांकि नियुक्ति की शर्तों पर सहमति नहीं बन सकी. पिछले दो सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी हेड कोच हेमांग बदानी, डायरेक्टर वेणुगोपाल राव और मुनाफ पटेल के साथ सपोर्ट स्टाफ में बदलाव कर रही है.

युवराज के बाद वास की एंट्री की तैयारी

दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज सिंह को पहले ही बैटिंग कोच नियुक्त कर दिया है. अब गेंदबाजी विभाग में भी बड़े नाम को जोड़ने की तैयारी है. फ्रेंचाइजी अभी नए हेड कोच की तलाश में भी जुटी हुई है. टीम प्रबंधन का लक्ष्य पिछले दो कमजोर सीजन के बाद ऐसा संयोजन तैयार करना है, जो आगामी आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर सके. वास की नियुक्ति इस बदलाव का अहम हिस्सा मानी जा रही है.

पंत की वापसी से भी बढ़ी उम्मीद

दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को भी टीम में वापस शामिल कर लिया है. लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ हुए ट्रेड में पंत दिल्ली लौटे, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ का हिस्सा बने. पंत ने लखनऊ के लिए दो सीजन खेले, लेकिन उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. दिल्ली में वापसी के बाद उनकी सैलरी 15 करोड़ रुपये तय हुई, जो पिछली रकम से 12 करोड़ कम है. पंत ने 2016 से 2024 तक दिल्ली के लिए आठ सीजन खेले थे.