जापान में होने वाले Asian Games 2026 में क्रिकेट मैचों के समय में बदलाव किया गया है. पुरुषों के नॉकआउट मुकाबले अब पहले शुरू होंगे. भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेगी. वहीं महिला क्रिकेट और सुबह वाले मैचों के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
भारतीय पुरुष टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. उसका पहला मुकाबला 28 सितंबर को जापानी समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा. भारत और जापान के समय में 3 घंटे 30 मिनट का अंतर है, इसलिए भारतीय दर्शक यह मैच सुबह 10 बजे देख सकेंगे. 1 अक्टूबर को होने वाला संभावित दूसरा सेमीफाइनल और 3 अक्टूबर का गोल्ड मेडल मुकाबला भी जापान में दोपहर 1:30 बजे और भारत में सुबह 10 बजे शुरू होगा. आयोजकों ने दोपहर के पुरुष नॉकआउट मैचों को पहले करने का फैसला किया है.
सुबह खेले जाने वाले मुकाबले पहले की तरह जापान में सुबह 9 बजे और भारत में सुबह 5:30 बजे शुरू होंगे. 27 सितंबर को पाकिस्तान का पहला क्वार्टर फाइनल भी इसी समय होगा. इसके अलावा अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलेशिया और ओमान के शुरुआती मुकाबले भी तय समय पर होंगे. महिला क्रिकेट में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. महिलाओं के मैच सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरू होंगे और सुबह 9 बजे तथा दोपहर 2 बजे खेले जाएंगे.
आयोजकों के मुताबिक मैच 30 मिनट पहले कराने की सबसे बड़ी वजह जापान में शाम को जल्दी अंधेरा होना है. क्रिकेट मैदान पर फ्लडलाइट की सुविधा नहीं है, इसलिए प्राकृतिक रोशनी में खेल खत्म करना जरूरी है. पुरुषों के टी-20 मैच लंबे खिंच सकते हैं, इसी कारण यह बदलाव किया गया. खास बात यह है कि भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारियों को बदलाव की आधिकारिक सूचना नहीं मिली, जबकि वेबसाइट पर नया शेड्यूल अपडेट है. एशियन गेम्स से अलग 22 सितंबर को भारत-जापान टी-20 भी होगा, जो दोपहर 1 बजे जापान और सुबह 9:30 बजे भारत में शुरू होगा.