menu-icon
India Daily

34 साल की उम्र में UFC फाइटर एलन नैसिमेंटो की मौत, सोते समय आया हार्ट अटैक

UFC के ब्राजीलियाई फ्लाइवेट फाइटर एलन नैसिमेंटो का 34 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया. UFC और उनके जिम ने भावुक श्रद्धांजलि देते हुए इसे MMA जगत की बड़ी क्षति बताया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
34 साल की उम्र में UFC फाइटर एलन नैसिमेंटो की मौत, सोते समय आया हार्ट अटैक
Courtesy: X

ब्राजील के UFC फ्लाइवेट फाइटर एलन नैसिमेंटो के अचानक निधन से मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की दुनिया में शोक की लहर है. 34 वर्षीय फाइटर की सोमवार सुबह सोते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई. UFC ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

UFC ने दी जानकारी

UFC ने बताया कि एलन नैसिमेंटो सोमवार सुबह अपने घर में बेसुध हालत में मिले. जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और वहीं मृत घोषित कर दिया गया. प्रमोशन के मुताबिक, उनकी मौत सोते समय आए हार्ट अटैक की वजह से हुई. UFC ने अपने बयान में कहा कि एलन सिर्फ एक बेहतरीन फाइटर ही नहीं, बल्कि एक शानदार इंसान भी थे. संगठन ने उनके परिवार, दोस्तों, टीम के साथियों और चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. इस खबर के सामने आने के बाद दुनिया भर के MMA फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

छह मुकाबलों में बनाई पहचान

एलन नैसिमेंटो ने साल 2021 में UFC में कदम रखा था. अपने चार साल के सफर में उन्होंने छह मुकाबले लड़े और 4 जीत के साथ अपनी अलग पहचान बनाई. उनका आखिरी मुकाबला जून में हुआ था, जिसमें उन्हें मिच रैपोसो के खिलाफ स्प्लिट डिसीजन से हार मिली थी. प्रोफेशनल MMA करियर में उन्होंने कुल 29 मुकाबले लड़े, जिनमें 22 जीत और 7 हार दर्ज कीं. फ्लाइवेट डिविजन में उनकी तकनीकी क्षमता और शांत स्वभाव की हमेशा तारीफ होती रही. ब्राजील के कई बड़े फाइटर्स उन्हें मेहनती खिलाड़ी और अनुशासित प्रोफेशनल के रूप में याद करते हैं.

साथी खिलाड़ियों और जिम ने दी भावुक श्रद्धांजलि

एलन नैसिमेंटो ब्राजील के मशहूर ‘शूट बॉक्स डिएगो लीमा’ जिम से जुड़े हुए थे. उन्होंने पूर्व UFC चैंपियन चार्ल्स ओलिवेरा और कई दूसरे बड़े फाइटर्स के साथ ट्रेनिंग की थी. जिम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक सच्चा दोस्त और प्रेरणादायक इंसान खो दिया है. उनके कोच और साथी खिलाड़ियों ने कहा कि एलन हमेशा विनम्र, सम्मान देने वाले और पूरी लगन से मेहनत करने वाले फाइटर थे. UFC ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ऑक्टागन के अंदर और बाहर सभी का सम्मान जीता. उनके निधन से MMA समुदाय को बड़ा झटका लगा.