menu-icon
India Daily

एशिया कप से रजत पाटीदार OUT, इस धाकड़ खिलाड़ी को मिली टीम में जगह

एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के लिए भारतीय टीम में बदलाव हुआ है. चोट के कारण रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
एशिया कप से रजत पाटीदार OUT, इस धाकड़ खिलाड़ी को मिली टीम में जगह
Courtesy: Pinterest

एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है. चोट के चलते रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है. उनकी जगह युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी को इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. टीम की कप्तानी तिलक वर्मा के हाथों में ही रहेगी.

कतर की राजधानी दोहा में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी. खास तौर पर अभिषेक शर्मा और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखने के लिए क्रिकेट फैंस उत्साहित हैं. दोनों खिलाड़ी बतौर ओपनर भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे.

चोट के कारण रजत पाटीदार ने लिया नाम वापस

रजत पाटीदार ने अपनी मौजूदा चोट को देखते हुए फिलहाल 50 ओवर के फॉर्मेट से दूरी बनाने का फैसला किया है. उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को इसकी जानकारी दे दी है. इसी वजह से वह एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

पाटीदार के बाहर होने के बाद चयन समिति ने आयुष बदोनी को टीम में जगह दी है. वहीं रिंकू सिंह को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. तिलक वर्मा पहले की तरह टीम की कमान संभालेंगे. टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है.

आठ टीमों के बीच होगा मुकाबला

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी. इन टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए, श्रीलंका-ए, अफगानिस्तान-ए और हॉन्ग कॉन्ग की टीमें शामिल हैं. वहीं ग्रुप-बी में भारत-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को जगह मिली है.

दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे. वहीं टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को आयोजित होगा.

20 नवंबर को नेपाल से भिड़ेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी. इसके बाद 22 नवंबर को भारत-ए का सामना पाकिस्तान-ए से होगा. ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा. भारत के तीनों लीग मुकाबले दोहा में आयोजित होंगे.

नेपाल और पाकिस्तान-ए के खिलाफ मुकाबले वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे. वहीं यूएई के खिलाफ मैच यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित होगा. भारतीय टीम की कोशिश ग्रुप मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाने की होगी.

ऐसी है इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के लिए इंडिया-ए की टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शद खान और आयुष बदोनी को शामिल किया गया है.