menu-icon
India Daily

IND vs PAK: पाकिस्तान की बेइज्जती के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बनाया था 'धांसू प्लान'!, BCCI ने वीडियो किया जारी

सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में खिलाड़ियों को स्लेजिंग से दूर रहने की सलाह दी थी. भारत ने शानदार खेल दिखाते हुए 61 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

Anuj
Edited By: Anuj
IND vs PAK:  पाकिस्तान की बेइज्जती के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बनाया था 'धांसू प्लान'!, BCCI ने वीडियो किया जारी
Courtesy: @BCCI

नई दिल्ली: 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान पर 61 रन से रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल की. मैच से पहले माहौल तनावपूर्ण था, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी टीम को संयम बनाए रखने की हिदायत दी. उनका साफ संदेश था कि जवाब बल्ले और गेंद से दिया जाए, शब्दों से नहीं. मैदान पर भारत ने इसी सोच को अमल में उतारा.

indiancricketteam के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार अपने साथियों को स्पष्ट संदेश देते हुए दिखाई दिए. उन्होंने खिलाड़ियों से मैदान पर किसी भी तरह की बहस में उलझने के बजाय केवल अपने कौशल पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की. उन्होंने साफ कहा कि अच्छा खेल ही जीत दिलाएगा. यह संदेश खास था, क्योंकि भारत-पाक मुकाबले अक्सर भावनाओं से भरे होते हैं. कप्तान ने टीम को मानसिक रूप से शांत रहने की नसीहत दी. 

भारत-पाक मैच से पहले विवाद

इस मुकाबले से पहले कुछ विवाद भी सामने आए थे. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी थी. हालांकि, बाद में मामला सुलझ गया. भारत ने अपने पुराने रुख के तहत 'नो-हैंडशेक' की नीति अपनाई, लेकिन मैदान पर किसी तरह की तीखी नोकझोंक देखने को नहीं मिली. मुकाबला पूरी तरह खेल भावना के साथ खेला गया.

किशन की विस्फोटक पारी

भारतीय पारी की नींव ईशान किशन ने रखी. उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में 77 रन बनाकर पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. 

गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम शुरूआती झटकों से उबर नहीं पाई. जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया. नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने पाकिस्तान की उम्मीदें तोड़ दीं और पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई.

रिकॉर्ड और अगला पड़ाव

इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान पर अपनी बढ़त 8–1 कर ली. इस टूर्नामेंट के इतिहास में खेले गए  मुकाबलों में पाकिस्तान सिर्फ एक ही बार भारत को हरा पाया, जबकि बाकि मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को मात दी है. पाकिस्तान पर मिली शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने सुपर 8 चरण के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. संयम, रणनीति और कौशल के दम पर मिली यह जीत लंबे समय तक याद रखी जाएगी.
 

सम्बंधित खबर