menu-icon
India Daily

'विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं', कानपुर में सीएम योगी का अखिलेश और राहुल पर तंज

कानपुर के बिठूर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Anuj Kumar
Reported By: Anuj Kumar
'विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं', कानपुर में सीएम योगी का अखिलेश और राहुल पर तंज
Courtesy: Pinterest

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर के बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने 411 करोड़ रुपये से अधिक की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती.

योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें एक बार सत्ता विरासत में मिली थी, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सपा को उसके कार्यकाल के कारण सत्ता से बाहर कर चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में दोबारा जगह बनाने के लिए जमीन पर उतरकर जनता का विश्वास हासिल करना पड़ता है.

विकास में बाधा डालने का आरोप

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर अयोध्या के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी. योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या के साथ-साथ काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी है.

महापुरुषों के नाम हटाने का भी आरोप 

योगी ने सपा पर महापुरुषों के नाम हटाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2012 में सपा सरकार बनने के बाद भदोही से संत रविदास नगर का नाम हटाया गया और कुछ संस्थानों के नाम बदले गए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों के विकास पर काम किया है.

बांग्लादेशी घुसपैठियों से प्यार 

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि उन्हें बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस घुसपैठियों का समर्थन करती हैं, जबकि गरीबों और वंचितों के हितों की अनदेखी करती हैं. योगी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदाय के लोगों को नागरिकता देने की व्यवस्था का भी विपक्ष ने विरोध किया.

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन के दौरान प्रदेश में दंगे, अराजकता और माफिया का प्रभाव था. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है. योगी ने कानपुर के ऐतिहासिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है.

कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख गरीबों को घर और आयुष्मान भारत योजना के तहत 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलने का दावा किया. उन्होंने उज्ज्वला योजना, छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी जिक्र किया.

कानपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि शहर में मेट्रो और एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिठूर-बिल्हौर क्षेत्र के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की. इनमें मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से को चार लेन करने, डिफेंस कॉरिडोर के कानपुर नोड में विकास कार्य और राज्य मार्ग संख्या-40 के एक हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा चौबेपुर और बिधनू में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, बॉटनिकल गार्डन के विकास और न्यू कानपुर सिटी योजना में सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया.