menu-icon
India Daily

'हमारी पेट्रोलिंग सामान्य...', अरुणाचल LAC पर तनाव के बीच चीन ने पहली बार दिया जवाब

अरुणाचल प्रदेश में LAC पर भारत-चीन सैनिकों के बीच जारी फेस-ऑफ को लेकर चीन ने पहली प्रतिक्रिया दी है. चीन ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच हुए समझौतों के मुताबिक सामान्य पेट्रोलिंग कर रहा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'हमारी पेट्रोलिंग सामान्य...', अरुणाचल LAC पर तनाव के बीच चीन ने पहली बार दिया जवाब
Courtesy: Grok AI

अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC पर भारत और चीन के बीच पेट्रोलिंग को लेकर जारी तनाव के बीच चीन की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. चीन ने कहा है कि वह दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और महत्वपूर्ण सहमतियों के मुताबिक ही सीमा पर पेट्रोलिंग करता है. चीन ने यह भी दावा किया कि सीमावर्ती इलाकों में उसकी पेट्रोलिंग और प्रबंधन सामान्य गतिविधि का हिस्सा है.

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि चीन ने भारत और चीन के बीच हुए समझौतों का लगातार और सख्ती से पालन किया है. उन्होंने कहा कि चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा क्षेत्रों में स्थिरता बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग करता है.

ITBP के महानिदेशक ने क्या कहा था?

यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत की ओर से कहा गया था कि चीन द्वारा पेट्रोलिंग के तय तौर-तरीकों का पालन नहीं करने से LAC पर स्थिति बिगड़ती है. ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने 22 अक्टूबर को राजस्थान के अलवर में हिमवीर सम्मान समारोह के दौरान कहा था कि अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच फेस-ऑफ की स्थिति बनी हुई है और यह सिलसिला अभी भी जारी है.

शत्रुजीत सिंह कपूर ने क्या कहा?

शत्रुजीत सिंह कपूर ने बताया था कि इन परिस्थितियों से निपटने के लिए ITBP की नई शौर्य कमांडो टीमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने कहा था कि इन टीमों ने फेस-ऑफ के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया है. इन्हें हर बॉर्डर बटालियन में तैनात किया जाएगा और जल्द ही एक पूर्ण शौर्य कमांडो बटालियन भी बनाई जाएगी.

भारत की ओर से क्या कहा गया था?

ITBP महानिदेशक के बयान के बाद भारत की ओर से कहा गया था कि LAC पर स्थिति तब बिगड़ती है जब चीन पेट्रोलिंग के लिए दोनों देशों के बीच तय तौर-तरीकों से हटता है. भारत ने यह भी कहा था कि दोनों देश LAC से जुड़े बचे हुए मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी तथा गलत आकलन से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों के जरिए बातचीत जारी रखे हुए हैं.

अब चीन ने भी इस मामले पर अपना पक्ष रखा है. गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन और भारत राजनयिक तथा सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी इसी दिशा में काम करेगा, ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को मिलकर लागू किया जा सके और सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता कायम रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें.

अरुणाचल प्रदेश में LAC की लंबाई

अरुणाचल प्रदेश में LAC की लंबाई करीब 1,126 किलोमीटर मानी जाती है. भारत और चीन के बीच LAC का पूरी तरह सीमांकन नहीं हुआ है. इसके कारण कई इलाकों में दोनों देशों की सीमा को लेकर अलग-अलग धारणाएं हैं. यही वजह है कि पेट्रोलिंग के दौरान दोनों देशों के सैनिक कई बार आमने-सामने आ जाते हैं.

भारत और चीन के बीच पूरी LAC करीब 3,488 किलोमीटर लंबी मानी जाती है. सीमा पर तनाव कम करने के लिए दोनों देश सैन्य और राजनयिक स्तर पर बातचीत करते रहे हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और सीमा की धारणा को लेकर मतभेद अब भी बने हुए हैं.