मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला देखने को मिलेगा. एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC ने दोहा में होने वाले टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए को एक ही ग्रुप में रखा गया है. दोनों टीमों के बीच मुकाबला 22 नवंबर को खेला जाएगा.
इंडिया-ए टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद 22 नवंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. ग्रुप स्टेज में इंडिया-ए का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ होगा.
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में श्रीलंका-ए, बांग्लादेश-ए, अफगानिस्तान-ए और हॉन्ग कॉन्ग को जगह मिली है. वहीं ग्रुप बी में इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई शामिल हैं. हर टीम ग्रुप की बाकी तीन टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 29 नवंबर को होगा.
Last edition was a blockbuster and Qatar is ready for another round of fireworks 🧨 𝐓𝐡𝐞 #𝐃𝐏𝐖𝐨𝐫𝐥𝐝𝐌𝐞𝐧𝐬𝐀𝐬𝐢𝐚𝐂𝐮𝐩𝐑𝐢𝐬𝐢𝐧𝐠𝐒𝐭𝐚𝐫𝐬𝟐𝟎𝟐𝟔 𝐫𝐞𝐭𝐮𝐫𝐧𝐬 𝐨𝐧 𝟏𝟗 𝐍𝐨𝐯𝐞𝐦𝐛𝐞𝐫 ⭐ #ACC https://t.co/rCZGF9JCYI
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) October 24, 2026Also Read
टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. फाइनल मुकाबला भी इसी मैदान पर आयोजित होगा. इसके अलावा कुछ मुकाबले यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यानी UDST क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 19 नवंबर को UDST क्रिकेट ग्राउंड पर होगा.
2025 के एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया-ए की कप्तानी जितेश शर्मा ने की थी. उस टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल थे. इंडिया-ए ने टूर्नामेंट की शुरुआत यूएई को 148 रनों से हराकर की थी. हालांकि, अगले मुकाबले में उसे पाकिस्तान-ए के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा.
इसके बाद भारत ने ओमान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में बांग्लादेश-ए के खिलाफ मुकाबला टाई रहा और नतीजा सुपर ओवर से निकला. सुपर ओवर में भारत को हार का सामना करना पड़ा और उसका सफर समाप्त हो गया.
दूसरी ओर पाकिस्तान-ए ने सेमीफाइनल में श्रीलंका-ए को पांच रनों से हराया था. इसके बाद फाइनल मुकाबला बांग्लादेश-ए के खिलाफ सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां पाकिस्तान-ए ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया था. अब 2026 के टूर्नामेंट में इंडिया-ए के सामने पिछली निराशा को पीछे छोड़ने का मौका होगा. खासतौर पर पाकिस्तान-ए के खिलाफ 22 नवंबर का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम और रोमांचक रहने की उम्मीद है.