भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स 2026 में नया इतिहास रच दिया. बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 37 रन की पारी के दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया. मंधाना अब महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं और उनके नाम 4,788 रन दर्ज हैं.
स्मृति मंधाना को रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए केवल सात रन चाहिए थे. उन्होंने बांग्लादेश की तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर के ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार चौके लगाकर यह मुकाम हासिल किया. इसके बाद वह 19 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं. रिकॉर्ड पूरा होने के बाद मंधाना के T20I रनों की संख्या 4,788 हो गई, जबकि सूजी बेट्स 4,758 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
मंधाना सिर्फ T20I में ही नहीं, बल्कि महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. उनके नाम टेस्ट में 788, वनडे में 5,411 और T20I में 4,788 रन हैं. यानी कुल 10,987 अंतरराष्ट्रीय रन हो गए हैं. इस सूची में सूजी बेट्स 10,740 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. मंधाना के नाम महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड भी है.
बांग्लादेश के खिलाफ मंधाना ने तेजी से रन बनाकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई. पावरप्ले खत्म होने तक भारत का स्कोर एक विकेट पर 72 रन था. यह महिला T20I में भारत का चौथा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. भारत ने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 77/0, 2018 में श्रीलंका के खिलाफ 75/4 और 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ 73/2 का स्कोर बनाया था. इसी मुकाबले में शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों पर नाबाद शतक जड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.