भारत ने एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. हरमनप्रीत कौर की टीम ने रविवार को बांग्लादेश को 114 रन से हराया. भारत ने पहले 195 रन बनाए और फिर बांग्लादेश को 81 रन पर समेट दिया. फाइनल 22 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ होगा.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. शेफाली वर्मा ने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी पारी में 3 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ 72 रन की शुरुआती साझेदारी की. वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ 94 रन जोड़े. हरमनप्रीत ने 40 रन बनाए. शेफाली का यह एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का पहला शतक है और वह इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनीं.
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही. भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर उसकी पारी को 15.4 ओवर में 81 रन पर खत्म कर दिया. दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट लिए. वहीं श्री चरणी को 2 सफलता मिली. बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए. भारत ने मुकाबला 114 रन से जीतकर कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया.
स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों पर 37 रन की तेज पारी खेली. इस दौरान उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. मंधाना ने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा. अब भारतीय टीम की नजर गोल्ड मेडल पर है. फाइनल में उसका सामना श्रीलंका से 22 सितंबर को होगा. भारत की प्लेइंग इलेवन में शेफाली, मंधाना, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत, ऋचा घोष, जी कमालिनी, दीप्ति, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ शामिल थीं.