आईपीएल 2026 के फाइनल और ICC बोर्ड मीटिंग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी को लेकर स्थिति साफ हो गई है. अब सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक नकवी अहमदाबाद जाकर आईपीएल फाइनल देखने नहीं आएंगे. हालांकि, ICC बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में उनकी मौजूदगी जरूर रहेगी लेकिन वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे.
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ICC बोर्ड मीटिंग में ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लेंगे. ICC के नियमों में पहले से यह व्यवस्था मौजूद है कि अगर कोई सदस्य यात्रा नहीं कर सकता, तो वह वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हो सकता है. इसी नियम के तहत नकवी भी मीटिंग में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे. बताया जा रहा है कि सिर्फ नकवी ही नहीं, बल्कि दो अन्य सदस्य भी ऑनलाइन जुड़ेंगे.
पाकिस्तान मीडिया में बीते कुछ दिनों से लगातार खबरें चल रही थी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मोहसिन नकवी को आईपीएल 2026 फाइनल के लिए व्यक्तिगत निमंत्रण भेजा है. अब यह साफ हो गया है कि ऐसा कोई न्योता नहीं दिया गया था. रिपोर्ट में कहा गया कि अगर नकवी भारत आते भी, तो वह सिर्फ ICC मीटिंग के सिलसिले में आते, फाइनल देखने के लिए नहीं.
ICC बोर्ड की यह बैठक मूल रूप से मार्च में दोहा में आयोजित होनी थी. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान संकट के चलते इसे स्थगित करना पड़ा. अब यह बैठक आईपीएल फाइनल के दौरान आयोजित की जा रही है. इस मीटिंग में ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, टूर्नामेंट कैलेंडर और कई बड़े प्रशासनिक फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है. ICC ने अपने बयान में कहा कि यह बैठक वैश्विक क्रिकेट के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार करने के लिए बेहद जरूरी है.