गुजरात के अहमदाबाद में तीन चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. नवपुरा गांव में स्थित इंग्राम माइक्रो के गोदाम से चोरों ने 1 करोड़ रुपए की चोरी को अंदाम दिया.
चोर रात में गोदाम के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और 70 आईफोन और एप्पल की 36 घड़ियां, डेल और एचपी के लैपटॉप्स और आईपैड चुराकर फरार हो गए. यह पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
Ahmedabad Apple Theft | પતરું કાપીને ઘૂસ્યા ચોર, ₹1 કરોડના Apple પ્રોડક્ટ્સ લઈને ફરાર! | CCTV News #AhmedabadCrime #AppleTheft #SanandNews #CCTVFootage #NewsGujaratOfficial #shorts https://t.co/MIFNt4lmct
— newsgujaratofficial (@newsgujarat_) October 24, 2026
चांगोदर पुलिस ने इस चोरी की जांच शुरू कर दी है और वह शातिर चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.
पुलिस ने बताया कि तीन चोर गोदाम के पीछे स्थित खाली खेत से गोदाम के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए अपने चेहरे और सिर को कपड़े से ढक रखा था.
अहमदाबाद के जगतपुर स्थित गोदरेज गार्डन सिटी में रहने वाले सुधीर नायर इंग्राम माइक्रो गोदाम में मैनेजर हैं. इस पूरी घटना का पता उस वक्त चला जब गोदाम के सुरक्षाकर्मी ने 21 अक्तूबर की रात 1 से 2.30 बजे के बीच गोदाम का पिछला गेट टूटा हुआ देखा.
गार्ड ने देखा कि गोदाम के अंदर कुछ डब्बे टूटे हुए हैं, उसने तुंरत इसकी जानकारी नायर को दी. गोदाम पहुंचने पर नायर ने देखा कि बड़ी संख्या में कई इलेक्ट्रिक सामान गायब थे.
चोरी हुए सामान में 40 आईफोन 17, 30 आईफोन 16, 15 डेल के लैपटॉप, 11 एचपी लैपटॉप, 6 एप्पल की घड़ियां, 20 आईपैड कीबोर्ड, आईपैड प्रो डिवाइस और लैपटॉप के बैग और अन्य सामान शामिल थे.
अहमदाबाद ग्रामीण की पुलिस उपाधीक्षक नीलम गोस्वामी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों को गठित किया गया है. इस पूरे घटनाक्रम को जानने और चोरों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों को विश्लेषण कर रही है. जांचकर्ताओं के अनुसार, चोर गोदाम के पीछे स्थित खुले मैदान से गोदाम में घुसे और चोरी करने के बाद सड़क का उपयोग कर वहां से फरार हो गए.
गोस्वामी ने कहा कि हो सकता है कि इस चोरी की किसी को पहले से ही जानकारी हो. पुलिस यह जांच कर रही है कि चोर परिसर में कैसे घुसे, वह इलेक्ट्रिक सामान को कैसे निकालने में कामयाब रहे और क्या उन्हें गोदाम के लेआउट और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी? जानकारी के मुताबिक, अभी तक इस घटना को लेकर किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है.