menu-icon
India Daily

Paris Olympics 2024: ब्रॉन्ज मैच से पहले 4.6 KG ज्यादा था अमन का वजन, फिर 1 रात में कैसे घटा लिया? जानिए पूरी कहानी

Paris Olympics 2024: अमन सहरावत ने ब्रॉन्ज जीतने से पहले एक बड़ी जंग जीती थी, ये वही जंग थी जिसमें विनेश फोगाट चूक गईं. विनेश का वजन 100 ग्राम ज्यादा रहा, इसलिए उन्हें फाइनल से पहले अयोग्य घोषित कर दिया. अमन का वजन भी फाइनल से पहले 4.6 किलो ज्यादा था, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर एक रात में इसे कम किया और फिर देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया.

भूपेंद्र कुमार राय
Edited By: Bhoopendra Rai
Paris Olympics 2024: ब्रॉन्ज मैच से पहले 4.6 KG ज्यादा था अमन का वजन, फिर 1 रात में कैसे घटा लिया? जानिए पूरी कहानी
Courtesy: Twitterr

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज जीतकर युवा रेसलर अमन सहरावत ने कमाल किया है. उन्होंने प्यूर्टो रिको के डरियन टोई क्रूज को 13-5 से हराकर ब्रॉन्ज पर कब्जा किया. इस तरह वो अब 21 साल 24 दिन की उम्र में भारत के सबसे युवा ओलंपिक मेडलिस्ट बन गए हैं. अमन के लिए यह मेडल जीतना आसान नहीं था, क्योंकि ब्रॉन्ज मेडल  मैच से पहले उनका वजन 61.5 KG हो गया था, जबकि वो 57 किलोग्राम की कैटेगरी में पार्टिसिपेट कर रहे थे. अमन ने हार नहीं मानी और एक रात में 4.6 किलोग्राम वजन घटाकर फाइनल मैच के लिए खुद को रेडी किया, फिर मेडल जीतकर सभी को चौंका दिया. आखिर ये सब कैसे हुआ, चलिए जानते हैं.



दरअसल, सेमीफाइनल के बाद अमन का वजन 61.5 KG हो गया था, जो उनकी वेट कैटेगरी 57 किलोग्राम से 4.5 किलो ज्यादा था. अमन और भारतीय कोच जगमंदर सिंह और वीरेंद्र दहिया के सामने वजन कम करने बड़ी चुनौती थी. दहिया बताते हैं कि यह एक मिशन जैसा था, क्योंकि विनेश फोगाट  के साथ जो हुआ उसके बाद हम एक और झटका बर्दाश्त नहीं कर सकते थे. बता दें कि विनेश 100 ग्राम ज्यादा होने के कारण फाइनल के लिए अयोग्य हो गईं और अब कोर्ट में केस लड़ रही हैं.

अमन के कोच वीरेंद्र दाहिया ने बताया कि महज 10 घंटों में अमन का 4.6 किलोग्राम वजन घटाने का मिशन कैसे पूरा हुआ.

अमन ने कैसे घटाया 4.6 किलो वजन, नीचे प्वाइंट में जानिए

  • ब्रॉन्ज मेडल मैच से पहले अमन ने रात में डेढ़ घंटे का मैट सेशन किया. इसमें कोच ने खड़े होकर कुश्ती करवाई और उसके बाद एक घंटे गर्म पानी से नहलाया गया.
  • अमन ने रात 12:30 बजे जिम में ट्रेडमिल पर एक घंटे तक बिना रुके दौड़ लगाई. पसीना बहाने से वजन कम करने में मदद मिली.
  • रनिंग के बाद अमन को 30 मिनट का ब्रेक दिया गया, फिर बाद 5-5 मिनट के सौना बाथ के 5 सेशन हुए.
  • अभी भी मिशन पूरा नहीं हुआ था, क्योंकि आखिरी सेशन के बाद अमन का वजन 900 ग्राम ज्यादा था, इसलिए फिर उन्हें मसाज दी गई. हल्की जॉगिंग करने को कहा गया. इसके बाद 15-15 मिनट के 5 रनिंग सेशन हुए.
  • सुबह 4:30 बजे तक अमन का वजन 56.9 किलोग्राम हो गया था, जो 57 kg से 100 ग्राम कम था.
  • सेशन के बीच में अमन को नींबू और शहद के साथ गुनगुना पानी और थोड़ी-सी कॉफी पीने को दी गई, इस तरह अमन को नींद नहीं आई. वो पूरी रात जागते रहे.
  • कोच रवि दहिया ने रात भर कुश्ती के वीडियो देखे. हर घंटे अमन का वजन जांचते रहे. उन्होंने बताया कि हम पूरी रात सोए नहीं, दिन में भी नहीं.


विनेश के साथ जो हुआ उससे तनाव था, हम एक और पदक से चूक नहीं सके थे

कोच रवि दहिया ने बताया कि 'वजन कम करना हमारे लिए नियमित है, लेकिन विनेश के साथ जो हुआ उसके कारण बहुत तनाव था. हम एक और पदक से चूक नहीं सकते थे. दहिया ने बताया कि सारी मेहनत रंग लाई और अमन ने शुक्रवार को प्यूर्टो रिको के डेरियन क्रूज को हराकर कांस्य पदक जीता.