menu-icon
India Daily

IPL 2026: तुषार देशपांडे ने पलटी बाजी, राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हराया; थमी रही फैंस की सांसें

राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हराया.

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: तुषार देशपांडे ने पलटी बाजी, राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हराया; थमी रही फैंस की सांसें
Courtesy: X

RR VS GT: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवारको एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मुकाबला देखने को मिला. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीजन के 9वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में गुजरात टाइटन्स को 6 रनों से मात दे दी.

211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ राजस्थान ने टूर्नामेंट में अपना विजय रथ जारी रखा है. इस हार के साथ गुजरात को लगातार दूसरे मैच में निराशा हाथ लगी है, जबकि राजस्थान ने लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की है.

आखिरी ओवर का ड्रामा

मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ, जहां गुजरात को जीत के लिए 6 गेंदों पर 11 रनों की दरकार थी. क्रीज पर कार्यवाहक कप्तान राशिद खान और कगिसो रबाडा जैसे धाकड़ खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन राजस्थान के तेज़ गेंदबाज़ तुषार देशपांडे ने गजब की सटीकता दिखाते हुए ओवर में मात्र 4 रन खर्चे और राशिद खान का अहम विकेट भी चटकाकर राजस्थान की झोली में जीत डाल दी.

बिश्नोई बने इम्पैक्ट किलर

211 रनों के जवाब में गुजरात की शुरुआत तेज़ रही. साई सुदर्शन ने 44 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 73 रनों की शानदार पारी खेली. एक समय गुजरात लक्ष्य की ओर आसानी से बढ़ती दिख रही थी, लेकिन तभी इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए स्पिनर रवि बिश्नोई ने मैच का रुख पलट दिया. बिश्नोई ने सेट बल्लेबाज सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया को आउट कर गुजरात के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी. जोस बटलर (26) भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए.

जुरेल और जायसवाल ने मचाया था गदर

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़कर तूफानी शुरुआत दी.

ध्रुव जुरेल का वन मैन शो

इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने गुजरात के गेंदबाज़ों की जमकर क्लास लगाई. जुरेल ने महज 42 गेंदों में 5 गगनचुंबी छक्के और 5 चौकों की मदद से 75 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया. चोटिल शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे राशिद खान के लिए गेंदबाज़ों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. रबाडा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए.

Topics