menu-icon
India Daily

कौन हैं माइक स्मिथ? जिसने कभी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला, उसे पाकिस्तान ने बनाया बैटिंग कोच

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर माइक स्मिथ को नया बैटिंग कोच बनाया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कौन हैं माइक स्मिथ? जिसने कभी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला, उसे पाकिस्तान ने बनाया बैटिंग कोच
Courtesy: X

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने राष्ट्रीय टीम के लिए नए बैटिंग कोच का ऐलान कर दिया है. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर माइक स्मिथ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. खास बात यह है कि उन्होंने अपने करियर में एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला लेकिन अब वह पाकिस्तान की बल्लेबाजी को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे.

कौन हैं माइक स्मिथ?

माइक स्मिथ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर हैं. उन्हें कभी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन कोचिंग के क्षेत्र में उन्होंने अच्छी पहचान बनाई है. वह लेवल-4 क्वालिफाइड बैटिंग कोच हैं और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कई बल्लेबाजों के साथ काम कर चुके हैं. पाकिस्तान सुपर लीग की अलग-अलग टीमों के साथ भी उनका अनुभव रहा है. यही वजह है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लगा कि वह वहां के खिलाड़ियों और घरेलू परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं. अब वह बाबर आजम समेत पाकिस्तान के बल्लेबाजों की तकनीकी कमियों को सुधारने की जिम्मेदारी संभालेंगे.

पीसीबी ने क्यों चुना माइक स्मिथ?

रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लंबे समय के लिए बैटिंग कोच तलाशने के उद्देश्य से सार्वजनिक रूप से आवेदन मांगे थे. कई उम्मीदवारों के इंटरव्यू और उनके अनुभव की समीक्षा करने के बाद बोर्ड ने माइक स्मिथ के नाम पर सहमति बनाई. औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद वह इंग्लैंड दौरे से पहले टीम के साथ जुड़ेंगे. पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की बल्लेबाजी लगातार आलोचना का सामना कर रही है. टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़े स्कोर बनाने में सफल नहीं रही और विदेशी दौरों पर भी बल्लेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. ऐसे में बोर्ड को उम्मीद है कि स्मिथ खिलाड़ियों की तकनीकी गलतियों को दूर करने में मदद करेंगे.

आसद शफीक की होगी वापसी

पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज आसद शफीक अभी तक अंतरिम बैटिंग कोच की जिम्मेदारी निभा रहे थे और फिलहाल वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ हैं. माइक स्मिथ के आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी संभालने के बाद शफीक फिर से राष्ट्रीय चयनकर्ता की अपनी भूमिका में लौट जाएंगे. पाकिस्तान की नई कोचिंग टीम की पहली बड़ी परीक्षा 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज होगी. लंबे समय से विदेशी परिस्थितियों में पाकिस्तान के बल्लेबाज संघर्ष करते रहे हैं.