menu-icon
India Daily

MS DHONI ने चेन्नई रेस ट्रैक पर दौड़ाई सुपरबाइक, रफ्तार देख झूम उठे फैंस: VIDEO

पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पर सुपरबाइक चलाकर फैंस को रोमांचित कर दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
MS DHONI ने चेन्नई रेस ट्रैक पर दौड़ाई सुपरबाइक, रफ्तार देख झूम उठे फैंस: VIDEO
Courtesy: X

क्रिकेट से दूर रहने के बावजूद एमएस धोनी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. इस बार उन्होंने चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पर सुपरबाइक चलाकर फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. रेसिंग ट्रैक पर उनकी तेज रफ्तार और फैंस से मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

चेन्नई रेस ट्रैक पर दिखा धोनी का रफ्तार वाला अंदाज

एमएस धोनी सोमवार को चेन्नई के पास इरुंगट्टुकोट्टई स्थित मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पहुंचे, जहां उन्होंने TVS यूरोग्रिप के एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने सुपरबाइक पर कई तेज लैप पूरे किए और ट्रैक पर अपनी शानदार राइडिंग से सभी का ध्यान खींच लिया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कंपनी के खास मोटरसाइकिल टायरों का परीक्षण भी किया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धोनी पूरे आत्मविश्वास के साथ बाइक चलाते नजर आए. ट्रैक पर उनकी स्पीड और कंट्रोल देखकर मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं.

राइड खत्म होने के बाद फैंस से मिले धोनी

रेसिंग पूरी करने के बाद जैसे ही धोनी पिट लेन में लौटे, वहां मौजूद फोटोग्राफर और फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे. उन्होंने हेलमेट उतारकर मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन किया और हाथ हिलाकर लोगों का धन्यवाद किया. इस छोटे से पल ने वहां मौजूद फैंस को बेहद खुश कर दिया. कुछ ही मिनटों में उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. धोनी लंबे समय से बाइक और कारों के शौकीन रहे हैं और उनके गैराज में कई शानदार बाइक और लग्जरी गाड़ियां मौजूद हैं. यही वजह है कि रेसिंग ट्रैक पर उनका यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया.

IPL भविष्य को लेकर फिर शुरू हुई चर्चा

चेन्नई में धोनी की मौजूदगी के साथ ही उनके IPL करियर को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं. IPL 2026 में वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे लेकिन पूरे सीजन चोटों से परेशान रहे और कई मैचों में टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर सके. इसी बीच फ्रेंचाइजी में हुए बड़े बदलावों ने भी फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. लंबे समय तक टीम के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने भी अपना पद छोड़ दिया है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या धोनी 2027 में एक और सीजन खेलेंगे या फिर IPL से पूरी तरह विदाई ले चुके हैं. हालांकि धोनी ने अब तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है और फिलहाल वह अपने निजी शौक और ब्रांड कार्यक्रमों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं.