Glasgow Commonwealth games 2026 खत्म होने के बाद अब देश की नजरें अहमदाबाद 2030 पर टिक गई हैं. खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत इस आयोजन को यादगार बनाएगा और सभी बड़े खेलों के साथ सबसे ज्यादा मेडल जीतने का लक्ष्य हासिल करेगा. उन्होंने इस दौरान अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी का भी जवाब दिया.
Commonwealth games 2026 के समापन के बाद खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि अहमदाबाद 2030 का आयोजन अब तक का सबसे शानदार और ऐतिहासिक Commonwealth games होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया को बेहतरीन खेल आयोजन दिखाएगा. मंडाविया ने भरोसा जताया कि इस बार उन सभी प्रमुख खेलों को शामिल करने की कोशिश होगी जिनमें भारत लगातार अच्छा प्रदर्शन करता आया है. उनका कहना था कि जब देश में अपने पसंदीदा और मजबूत खेल शामिल होंगे, तब भारतीय खिलाड़ी रिकॉर्ड संख्या में मेडल जीतेंगे. उन्होंने इसे नए भारत की बड़ी गारंटी बताते हुए कहा कि देश खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा.
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ग्लासगो में भारत के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा था कि अगर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और लगातार समर्थन मिले तो भारत भविष्य में मेडल तालिका में सबसे ऊपर पहुंच सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि कुश्ती और शूटिंग जैसे खेलों को Commonwealth games 2026 से बाहर रखना सही फैसला नहीं था और भारत को इसका विरोध करना चाहिए. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंडाविया ने कहा कि 2030 में भारत की मेजबानी वाले खेलों में देश के मजबूत खेलों को जगह मिलेगी. उनका मानना है कि इससे खिलाड़ियों को बेहतर मौका मिलेगा और भारत का प्रदर्शन पहले से कहीं अधिक मजबूत होगा.
केजरीवाल जी,
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) August 3, 2026
आप एकदम निश्चिंत रहिए, माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में जब भारत 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन करेगा, तो वह सबसे भव्य और ऐतिहासिक होगा। उस दौरान हमारे सभी प्रमुख स्पोर्ट्स भी इसमें शामिल होंगे और हम अपने सर्वाधिक मेडल्स भी जीतेंगे।
ये… https://t.co/XKit2BzIlg
अहमदाबाद अक्टूबर 2030 में Commonwealth games की मेजबानी करेगा. यह दूसरी बार होगा जब भारत इस बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करेगा. इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में Commonwealth games सफलतापूर्वक आयोजित किए गए थे. इस बार सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव मुख्य केंद्र होगा, जबकि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उद्घाटन और समापन समारोह होने की संभावना है. अधिकारियों का मानना है कि यह आयोजन भारत की खेल क्षमता को दुनिया के सामने और मजबूत तरीके से पेश करेगा. ग्लासगो 2026 में भारत ने 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज सहित कुल 39 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया था. अब लक्ष्य 2010 के 101 मेडल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना है.