जापान के आइची-नागोया में शनिवार को 20वें एशियन गेम्स की औपचारिक शुरुआत हो गई. उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और पवन सहरावत ने भारतीय दल का नेतृत्व किया. इसी मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे प्रदर्शन और सफलता की कामना की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी ने इन खेलों के लिए कड़ी मेहनत की है और पूरी लगन के साथ तैयारी की है. पीएम ने भारतीय दल के खिलाड़ियों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और अच्छे खेल के साथ सफलता हासिल करने की उम्मीद जताई. खेल मंत्रालय के अनुसार भारत का 503 सदस्यीय दल एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहा है. इससे पहले 8 सितंबर को नई दिल्ली में दल को आधिकारिक विदाई भी दी गई थी.
नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में हुए उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो ने एशियन गेम्स की शुरुआत की घोषणा की. भारतीय दल की अगुवाई ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने ध्वजवाहक के तौर पर की. भारतीय दल ने तिरंगे के साथ स्टेडियम में प्रवेश किया. इस बार खेलों में 45 देशों के करीब 11 हजार खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और 469 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले होंगे.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 19, 2026
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आइची-नागोया में हो रहा है. भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में 28 स्वर्ण समेत कुल 107 पदक जीते थे और चौथे स्थान पर रहा था. इस बार भारतीय खिलाड़ी उस प्रदर्शन को और बेहतर करने के इरादे से उतरे हैं. उद्घाटन से पहले ही क्रिकेट जैसे कुछ मुकाबले शुरू हो चुके थे. महिला क्रिकेट टीम जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. वहीं टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा ब्रॉन्ज मेडल के लिए उतरेंगी.