Karun Nair: भारतीय क्रिकेट टीम जल्द ही वेस्टइंडीज के खिलाफ दो घरेलू टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. इस सीरीज के लिए टीम चयन बुधवार (24 सितंबर) को होने वाला है और खबरों के मुताबिक, करुण नायर को टीम से बाहर किया जा सकता है. उनकी जगह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलने की संभावना है.
करुण नायर को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-टेंडुलकर ट्रॉफी में आठ साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी का मौका मिला था. लेकिन इस सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. चार टेस्ट मैचों में उन्होंने केवल 205 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 57 रन रहा. इस सीरीज में नायर एक भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके. उनके आउट होने के तरीके ने भी चयनकर्ताओं को निराश किया है.
दूसरी ओर RCB के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल शानदार फॉर्म में हैं. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ लखनऊ में खेले गए मैच में उन्होंने 150 रनों की शानदार पारी खेली. इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. पडिक्कल पहले भी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं और अब उनके टेस्ट टीम में शामिल होने की संभावना प्रबल हो गई है.
करुण नायर ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में वापसी की थी. लेकिन इंग्लैंड सीरीज में उनके निराशाजनक प्रदर्शन और उसके बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूरी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अब उन्हें एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर चयनकर्ताओं का भरोसा जीतना होगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और केएल राहुल बल्लेबाजी इकाई का हिस्सा होंगे. वहीं, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ऑलराउंडर के रूप में शामिल रहेंगे. कुलदीप यादव स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे.