menu-icon
India Daily

पाकिस्तान की एक गलती पड़ी भारी... ICC ने किया डबल अटैक, काटी आधी मैच फीस और छीन लिए 11 WTC अंक

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में धीमी ओवर गति पाकिस्तान को भारी पड़ी है. ICC ने टीम पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया और WTC के 11 अंक काट लिए. अब उसके सिर्फ पांच अंक हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पाकिस्तान की एक गलती पड़ी भारी... ICC ने किया डबल अटैक, काटी आधी मैच फीस और छीन लिए 11 WTC अंक
Courtesy: X (@Abdullahhhh_56)

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं. तीन टेस्ट की सीरीज में मेजबान टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया और पाकिस्तान को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी बड़ा झटका लगा. अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी की ICC की ओर से पाकिस्तान को भी तगड़ा झटका लगा है. ICC ने पाकिस्तान पर भारी जुर्माना लगाया है. ये जुर्माना केवल पैसों का ही नहीं है बल्कि अंको का भी है. बोर्ड ने टीम के WTC के 11 अंक भी कम कर दिए हैं. 

11 ओवर पीछे रहने पर कार्रवाई

दरअसल, बोर्ड ने एजबेस्टन टेस्ट में धीमी ओवर गति के मामले में पाकिस्तान पर कार्रवाई की है. एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान तय समय के भीतर 11 ओवर पूरे नहीं कर सका. इसी आधार पर ICC ने टीम के खिलाफ कार्रवाई की. मैच रेफरी रंजन मदुगाले ने मैदानी और तीसरे अंपायर की रिपोर्ट के बाद फैसला सुनाया. धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, जो इस नियम के तहत अधिकतम सीमा है.

WTC के 11 अंक भी कटे

पाकिस्तान को सिर्फ आर्थिक जुर्माने का सामना नहीं करना पड़ा. धीमी ओवर गति की वजह से मौजूदा WTC साइकल में उसके 11 अंक भी घटा दिए गए हैं. नियम के मुताबिक निर्धारित समय से हर एक ओवर पीछे रहने पर एक अंक कम किया जाता है. 11 ओवर की कमी के कारण पाकिस्तान के खाते से सीधे 11 अंक चले गए.

नियमों में क्या है प्रावधान

ICC के आचार संहिता के अनुसार, निर्धारित समय से पीछे रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है. हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत है. पाकिस्तान 11 ओवर पीछे था, इसलिए उस पर अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना लगा. WTC नियमों में भी धीमी ओवर गति के लिए प्रति ओवर एक अंक की कटौती का प्रावधान है.

अब सिर्फ पांच अंक बचे

11 अंकों की कटौती के बाद WTC 2025-27 चक्र में पाकिस्तान के खाते में अब केवल पांच अंक रह गए हैं. इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज में 3-0 की हार के बाद यह झटका उसकी स्थिति को और कमजोर करता है. दूसरी ओर, इंग्लैंड ने सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर WTC अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर की है. पाकिस्तान फिलहाल तालिका में सबसे निचले स्थान पर है.