भारत के विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव आज अपना 36वां बर्थडे मना रहे हैं. मिस्टर 360 का जन्म 14 सितंबर 1990 को हुआ था. गाजीपुर से जुड़ी पारिवारिक जड़ों वाले सूर्या ने मुंबई में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं. उनका क्रिकेटिंग करियर इतना आसान नहीं रहा है.
दस साल की उम्र में सूर्या को वेंगसरकर एकेडमी भेजा गया. उनके पिता अशोक कुमार यादव भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे. परिवार के समर्थन से सूर्या ने लगातार मेहनत की. घरेलू क्रिकेट में लंबा समय बिताने के बाद उन्होंने 2021 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया और जल्द ही भारतीय टी20 टीम के अहम खिलाड़ी बन गए.
1️⃣5️⃣1️⃣ Int'l matches 🙌
— BCCI (@BCCI) September 14, 2026
4️⃣0️⃣5️⃣3️⃣ Int'l runs 👏
ICC Men's T20 WC 2024 winner 🏆
Winning Captain of ICC Men's T20 WC 2026 🏆
Here's wishing the innovative & flamboyant @surya_14kumar a very Happy Birthday 🎂🥳#TeamIndia pic.twitter.com/8sXKVJD5Hd
करीब एक दशक घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद सूर्या ने 14 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ T20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया. पहले मैच में बल्लेबाजी नहीं मिली, लेकिन अगले मुकाबले में 31 गेंदों पर 57 रन बनाकर उन्होंने छाप छोड़ी. तीसरे मैच में 17 गेंदों पर 32 रन बनाए. IPL में उन्होंने 2012 में मुंबई इंडियंस से शुरुआत की और बाद में केकेआर के लिए भी खेले.
2018 में मुंबई इंडियंस में वापसी सूर्या के करियर का बड़ा मोड़ बनी. उन्होंने उस सीजन 14 मैचों में 512 रन बनाए. अगले दो सत्रों में 424 और 480 रन जोड़े. 2023 में 16 मैचों में 605 रन बनाए और आईपीएल कप्तानी भी की. अब तक उन्होंने 179 आईपीएल मैचों में 4,581 रन बनाए हैं. मुंबई ने 2019 और 2020 में खिताब जीते.
नवंबर 2023 में सूर्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय T20 टीम की कमान संभाली. जुलाई 2024 में उन्हें पूर्णकालिक कप्तान बनाया गया. कप्तान के रूप में उन्होंने 52 मैचों में 1,232 रन बनाए, जिसमें एक शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं. भारत ने 42 मैच जीते और आठ हारे. उनकी कप्तानी में नौ सीरीज में आठ जीत और एक ड्रॉ रहा.
T20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर का आखिरी ओवर में लिया गया कैच भारत की जीत का अहम पल रहा. भारत ने मैच 7 रन से जीता. सूर्या की कप्तानी में भारत ने एशिया कप 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता. भारत के लिए उन्होंने 113 टी20 में 3,272 रन बनाए हैं. वनडे में 773 रन और टेस्ट में एक मैच खेला है.