menu-icon
India Daily

France vs Senegal: फ्रांस के महान कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का आखिरी वर्ल्ड कप, क्या एम्बाप्पे जीत के साथ दे पाएंगे यादगार विदाई?

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस और सेनेगल के बीच होने वाले मुकाबले डिडियर डेसचैम्प्स का आखिरी वर्ल्ड कप होगा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
France vs Senegal: फ्रांस के महान कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का आखिरी वर्ल्ड कप, क्या एम्बाप्पे जीत के साथ दे पाएंगे यादगार विदाई?
Courtesy: X

FIFA World cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस और सेनेगल के बीच होने वाला मुकाबला फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद खास माना जा रहा है. दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी. मैच से पहले मौसम और फ्रांस के मुख्य कोच डिडियर डेसचैम्प्स को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

डिडियर डेसचैम्प्स का आखिरी वर्ल्ड कप

फ्रांस के मुख्य कोच डिडियर डेसचैम्प्स के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास है. 57 वर्षीय डेसचैम्प्स ने पहले खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में फ्रांस को विश्व कप की सफलता दिलाई है. उन्होंने 1998 में खिलाड़ी के रूप में और 2018 में कोच के रूप में विश्व कप जीता था. इसके अलावा फ्रांस को यूरो फाइनल, नेशंस लीग खिताब और 2022 वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाया. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद वह अपने पद से हट जाएंगे. ऐसे में यह उनका कोच के तौर पर आखिरी विश्व कप है और टीम उनके लिए यादगार विदाई देना चाहेगी.

फ्रांस को खिताब का दावेदार मान रहे डेसचैम्प्स

मैच से पहले डिडियर डेसचैम्प्स ने कहा कि फ्रांस को टूर्नामेंट की मजबूत टीमों में गिना जाना कोई बुरी बात नहीं है. हालांकि उन्होंने खिलाड़ियों को सतर्क भी किया. उनका कहना है कि बड़े टूर्नामेंट में छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है. फ्रांस की टीम में किलियन एम्बाप्पे, ओस्मान डेम्बेले और माइकल ओलिस जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं. दूसरी ओर सेनेगल भी मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में है.

मौसम रहेगा साफ

न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले मौसम विभाग की रिपोर्ट दोनों टीमों के लिए राहत लेकर आई है. मैच के दौरान बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है. ऐसे में खिलाड़ियों को मौसम से जुड़ी किसी बड़ी चुनौती का सामना नहीं करना पड़ेगा. साफ मौसम के कारण दर्शकों को भी पूरे मुकाबले का आनंद लेने का मौका मिलेगा. ग्रुप-I के इस अहम मैच में दोनों टीमें अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ मैदान में उतरेंगी. भारत में यह मुकाबला 17 जून की रात 12:30 बजे देखा जा सकेगा.