FIFA World Cup 2026 के फाइनल से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर वायरल हो रहे हैं. ट्रंप ने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी की खुलकर तारीफ की और इंग्लैंड की हार के लिए टीम की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कोच थॉमस टुचेल की आलोचना भी की.
डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लियोनेल मेसी जैसे खिलाड़ी बहुत कम पैदा होते हैं. ट्रंप के मुताबिक, मेसी पर पूरे मैच में कड़ी नजर रखी गई लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ऐसा शानदार पास दिया जिसने मैच का रुख बदल दिया. उसी पास पर लौटारो मार्टिनेज ने विजयी गोल किया और अर्जेंटीना ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया. ट्रंप ने कहा कि मेसी बार-बार ऐसे पल बनाते हैं, क्योंकि उनके पास सामान्य खिलाड़ियों से अलग प्रतिभा है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ खिलाड़ी जन्म से ही खास होते हैं और मेसी उन्हीं में से एक हैं.
ट्रंप ने इंग्लैंड की रणनीति पर भी खुलकर अपनी राय रखी. उनका कहना था कि बढ़त मिलने के बाद इंग्लैंड ने अपने सबसे अहम खिलाड़ी हैरी केन को जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक जिम्मेदारी दे दी. उनके अनुसार, जब टीम के पास बढ़त हो तब भी आक्रमण जारी रखना चाहिए. ट्रंप ने कहा कि वह फुटबॉल कोच नहीं हैं लेकिन उन्हें लगा कि यह फैसला टीम के लिए सही साबित नहीं हुआ. उनका मानना है कि अगर हैरी केन को आगे खेलने की आजादी मिलती, तो इंग्लैंड मैच में बेहतर प्रदर्शन कर सकता था.
#WATCH | US President Donald Trump says, "We have gathered tonight in New York City as we await the final faceoff on Sunday between the two amazing teams, Spain and Argentina. I watched that pass that Messi made...He was well guarded by a great player and then he moved to the… pic.twitter.com/23WitBKzMe
— ANI (@ANI) July 17, 2026
इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुचेल ने ट्रंप की टिप्पणी पर अपनी रणनीति का बचाव किया. उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना लगातार दबाव बना रही थी, इसलिए पूरी टीम को पीछे हटकर खेलना पड़ा. उनके अनुसार, हैरी केन भी उसी टीम रणनीति का हिस्सा थे और यह फैसला मैच की स्थिति को देखते हुए लिया गया था. अब अर्जेंटीना की टीम 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ फाइनल खेलेगी. दूसरी ओर, इंग्लैंड तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस से भिड़ेगा.