Commonwealth Games 2026 Day 10: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और 1 अगस्त का दिन भारतीय दल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रतियोगिता के 10वें दिन कई भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में उतरेंगे. एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो और पैरा एथलेटिक्स में भारत के पास पदक जीतने के कई अवसर होंगे. भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है और आज भी उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद की जा रही है. खासकर एथलेटिक्स और बॉक्सिंग में भारतीय खिलाड़ी फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे. ऐसे में भारत अपने पदकों की संख्या बढ़ाने की कोशिश करेगा.
आज एथलेटिक्स में भारत के कई प्रमुख खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे. पोल वॉल्ट में देव मीणा और कुलदीप कुमार चुनौती पेश करेंगे. वहीं पुरुष ट्रिपल जंप फाइनल में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु थिरुमरन पदक के लिए मुकाबला करेंगे. इसके अलावा महिला 10,000 मीटर रेस वॉक फाइनल में प्रियंका गोस्वामी और रवीना गायकवाड़ भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.
10,000 मीटर दौड़ में पहले ही रजत पदक जीत चुके गुलवीर सिंह अब 5,000 मीटर स्पर्धा में उतरेंगे. उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है. यदि वह अपनी लय बरकरार रखते हैं तो भारत के लिए एक और पदक हासिल कर सकते हैं.
भारतीय मुक्केबाजों के लिए भी आज का दिन बेहद अहम है. महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रीति पवार का मुकाबला कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो से होगा. वहीं महिला 57 किलोग्राम वर्ग में जैसमीन लांबोरिया उत्तरी आयरलैंड की माइकेला वॉल्श से भिड़ेंगी. पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह का सामना ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन से होगा.
जूडो में भी भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने के इरादे से मैट पर उतरेंगे. वहीं पैरा एथलेटिक्स में शुभम जुयाल और सोमन राणा पुरुष एफ-57 शॉट पुट फाइनल में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा रमेश शण्मुगम पुरुष 1500 मीटर टी-54 फाइनल में अपनी चुनौती पेश करेंगे.