menu-icon
India Daily

मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ... नागपुर में 17 साल की महिला क्रिकेटर ने की आत्महत्या

नागपुर में 17 साल की एक महिला क्रिकेटर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ... नागपुर में 17 साल की महिला क्रिकेटर ने की आत्महत्या
Courtesy: X

महाराष्ट्र के नागपुर से एक दुखद खबर सामने आई है. क्रिकेट में अपना करियर बनाने का सपना देख रही 17 साल की खिलाड़ी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटनास्थल से मिले एक नोट में चयन न होने का जिक्र मिला है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. महिला क्रिकेटर का नाम अदिति चौखांडे है.

सिलेक्शन नहीं होने के बाद बढ़ी निराशा

पुलिस के अनुसार, युवती हाल ही में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन प्रक्रिया में शामिल हुई थी लेकिन उसका चयन नहीं हो सका. शुरुआती जांच में यही बात सामने आई है कि इस वजह से वह काफी परेशान थी. बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे लक्ष्मीनगर इलाके में उसके घर पर उसका शव फंदे से लटका मिला. मौके से एक हाथ से लिखा नोट भी बरामद हुआ, जिसमें सिर्फ इतना लिखा था कि उसका चयन नहीं हुआ. पुलिस का कहना है कि इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

क्रिकेट का सपना लेकर दो साल पहले आई थी नागपुर

मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली यह खिलाड़ी दो साल पहले अपनी मां के साथ नागपुर आई थी. वह एक क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रही थी और आगे चलकर बड़े स्तर पर खेलना चाहती थी. परिवार के अनुसार, क्रिकेट ही उसका सबसे बड़ा सपना था. उसका भाई भी क्रिकेट खेलता है और परिवार चाहता था कि दोनों बच्चे खेल में आगे बढ़ें. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि क्या चयन प्रक्रिया के अलावा कोई और वजह भी थी, जिसने उसे मानसिक रूप से प्रभावित किया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटना से हुई मौत (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.