menu-icon
India Daily

CWG 2026: हर्ष सिंह ने रचा इतिहास, 'JUDO' में भारत को दिलाया पहला पुरुष गोल्ड

भारत के हर्ष सिंह ने Commonwealth games 2026 में पुरुषों के 60 किलोग्राम जूडो वर्ग का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
CWG 2026: हर्ष सिंह ने रचा इतिहास, 'JUDO' में भारत को दिलाया पहला पुरुष गोल्ड
Courtesy: X

Glasgow Commonwealth games 2026 में भारत के लिए जूडो से एक और बड़ी खुशखबरी आई. युवा खिलाड़ी हर्ष सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग का गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उनकी जीत भारतीय जूडो के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी.

अनुभवी खिलाड़ी को हराकर रचा इतिहास

23 वर्षीय हर्ष सिंह ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी जूडोका जोशुआ काट्ज़ को हराकर गोल्ड मेडल जीता. काट्ज को मुकाबले का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था. उनके नाम कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मेडल और ओलंपिक खेलने का अनुभव है. हर्ष ने शुरुआत से ही धैर्य बनाए रखा और किसी भी समय दबाव में नहीं आए. मुकाबला काफी कड़ा रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबे समय तक बराबरी का खेल देखने को मिला. आखिर में भारतीय खिलाड़ी ने शानदार दांव लगाकर बढ़त बनाई और जीत अपने नाम कर ली.

आखिरी मिनट में बदला पूरा मुकाबला

चार मिनट तक चले मुकाबले में किसी भी खिलाड़ी को साफ बढ़त नहीं मिली. मैच खत्म होने में सिर्फ 41 सेकंड बाकी थे, तभी हर्ष सिंह ने शानदार वाजा-अरी हासिल किया. जूडो में यह दूसरी सबसे बड़ी स्कोरिंग तकनीक मानी जाती है. बढ़त मिलने के बाद हर्ष ने समझदारी से अपना बचाव किया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया. अंतिम सीटी बजते ही भारतीय खिलाड़ी ने गोल्ड मेडल पक्का कर लिया. यह उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है.

भारत के लिए बड़ी उपलब्धि

हर्ष सिंह की यह जीत भारतीय जूडो के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. वह Commonwealth games में जूडो का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं. उनके प्रतिद्वंद्वी जोशुआ काट्ज कई बार ओशिनिया चैंपियन रह चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया के लिए ओलंपिक खेल चुके हैं और 2022 Commonwealth games में भी मेडल जीत चुके थे. ऐसे मजबूत खिलाड़ी को हराकर हर्ष ने साबित कर दिया कि वह बड़े मंच पर दबाव झेलना जानते हैं. उनकी इस जीत से भारत को जूडो में अपना दूसरा गोल्ड मिला.