Vinesh on Brij Bhushan: दिल्ली की अदालत से बृजभूषण शरण सिंह को राहत मिलने के बाद भारतीय महिला पहलवानों की प्रतिक्रिया सामने आई है. ओलंपियन विनेश फोगाट ने कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में सिस्टम ने बृजभूषण का साथ दिया लेकिन महिला पहलवान अब भी न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ेंगी.
बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों ने काफी मुश्किल हालात में अपनी आवाज उठाई थी और यह आसान फैसला नहीं था. विनेश के मुताबिक, कई खिलाड़ियों पर दबाव बनाया गया और कुछ को शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया गया. इसके बावजूद कई महिला पहलवान अपने आरोपों पर डटी रहीं. उन्होंने साफ कहा कि अदालत के फैसले से वे निराश जरूर हैं, लेकिन हार नहीं मानेंगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रखेंगी.
विनेश फोगाट ने बताया कि शिकायत करने वाली महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है. उनका कहना है कि जल्द ही ऊपरी अदालत में चुनौती दी जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले के दौरान प्रशासन और सिस्टम ने बृजभूषण को बचाने की कोशिश की. वहीं, ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया ने भी विनेश के बयान का समर्थन किया और सोशल मीडिया पर वही संदेश साझा किया. दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी.
यह मामला 2023 में उस समय देशभर में चर्चा का विषय बना था, जब विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया था. खिलाड़ियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई और WFI प्रमुख पद से हटाने की मांग की थी. अदालत से बरी होने के बाद बृजभूषण ने एक बार फिर खुद को बेगुनाह बताया और कहा कि उन्हें न्याय मिला है. अब इस मामले का अगला चरण ऊपरी अदालत में देखने को मिल सकता है, जहां महिला पहलवान फैसले को चुनौती देंगी.