menu-icon
India Daily

क्यों बढ़ रहा 3D एपॉक्सी फ्लोरिंग का क्रेज? कम रखरखाव और शानदार लुक, जानें और क्या है खासियत

3D एपॉक्सी फ्लोरिंग आधुनिक घरों और ऑफिस में तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इसकी कीमत 350 से 700 रुपये प्रति वर्ग फुट तक होती है. यह सीमलेस, वाटरप्रूफ, मजबूत और आकर्षक 3D डिजाइन वाली फ्लोरिंग है, जिसे साफ रखना भी आसान होता है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
क्यों बढ़ रहा 3D एपॉक्सी फ्लोरिंग का क्रेज? कम रखरखाव और शानदार लुक, जानें और क्या है खासियत
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: घरों के इंटीरियर डिजाइन में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. अब लोग पारंपरिक टाइल और मार्बल की जगह आधुनिक और आकर्षक फ्लोरिंग विकल्पों को पसंद कर रहे हैं. इन्हीं में 3D एपॉक्सी फ्लोरिंग सबसे ज्यादा चर्चा में है. यह फ्लोरिंग अपने शानदार डिजाइन, चमकदार फिनिश और मजबूत सतह की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रही है.

3D एपॉक्सी फ्लोरिंग की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा लुक है. इस पर बने डिजाइन ऐसे दिखाई देते हैं, जैसे फर्श के नीचे नदी बह रही हो, जंगल हो, झरना हो या कोई खूबसूरत प्राकृतिक दृश्य मौजूद हो. यह केवल एक 3D विजुअल इफेक्ट होता है, जो देखने वाले को वास्तविक जैसा अनुभव देता है.

कितनी होती है कीमत?

विशेषज्ञों के अनुसार 3D एपॉक्सी फ्लोरिंग की कीमत डिजाइन और गुणवत्ता के आधार पर करीब 350 से 700 रुपये प्रति वर्ग फुट तक हो सकती है. वहीं 10×10 फुट के एक कमरे में यह फ्लोरिंग कराने का खर्च लगभग 22 हजार से 25 हजार रुपये तक आ सकता है.

क्या है प्रॉसेस?

एपॉक्सी फ्लोरिंग की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है. सबसे पहले फर्श को अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा किया जाता है ताकि उसमें नमी न रहे. इसके बाद प्राइमर लगाया जाता है और उसे सूखने दिया जाता है. फिर सतह को पूरी तरह समतल बनाने के लिए बेस कोट लगाया जाता है.

इसके बाद फर्श पर मनचाहा 3D डिजाइन या विनाइल ग्राफिक शीट बिछाई जाती है. इसमें जंगल, समुद्र, पहाड़, झरने, फूल या मेटालिक डिजाइन जैसे कई विकल्प उपलब्ध होते हैं. अंत में पारदर्शी एपॉक्सी रेजिन की परत डाली जाती है, जिससे डिजाइन के ऊपर कांच जैसी चमकदार और मजबूत सतह बन जाती है.

क्या है इसकी खासियत?

इस फ्लोरिंग की एक और खास बात यह है कि इसमें जोड़ या दरार नहीं होती. इसकी सतह पूरी तरह सीमलेस, मजबूत और वाटरप्रूफ होती है. इसे साफ करना भी बेहद आसान होता है और केवल गीले कपड़े से पोंछने पर इसकी चमक बनी रहती है.

3D एपॉक्सी फ्लोरिंग का उपयोग लिविंग रूम, बेडरूम, किचन, बाथरूम, ऑफिस और शोरूम सहित कई जगहों पर किया जा सकता है. इसकी सतह सामान्य टाइल और मार्बल की तुलना में अधिक टिकाऊ मानी जाती है. हालांकि इसकी शुरुआती लागत कुछ अधिक हो सकती है, लेकिन स्टाइलिश डिजाइन, कम रखरखाव और लंबी उम्र के कारण यह आधुनिक घरों के लिए तेजी से पसंदीदा विकल्प बनती जा रही है.