नई दिल्ली: भारतीय सेना ने लॉ ग्रेजुएट युवाओं के लिए शॉर्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) जज एडवोकेट जनरल (जेएजी) एंट्री स्कीम 125वें कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक और पात्र उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. यह भर्ती अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए है, जो भारतीय सेना की लीगल ब्रांच में अधिकारी के रूप में करियर बनाना चाहते हैं.
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री होना अनिवार्य है. साथ ही अभ्यर्थी के एलएलबी में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए. इसके अलावा उम्मीदवार का CLAT PG 2026 परीक्षा में शामिल होना भी जरूरी है. इसी परीक्षा के स्कोर के आधार पर प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी.
आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2027 को उम्मीदवार की आयु 21 वर्ष से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए. केवल निर्धारित आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र होंगे.
चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले CLAT PG 2026 के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड यानी एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. एसएसबी में सफल होने वाले उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा. अंतिम मेरिट सूची CLAT PG स्कोर, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल फिटनेस और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर तैयार की जाएगी. केवल सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा.
भारतीय सेना में जेएजी अधिकारी लीगल ब्रांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं. उनकी जिम्मेदारी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को कानूनी सलाह देना, कोर्ट मार्शल से जुड़े मामलों में भाग लेना, सैन्य कानून और प्रशासनिक मामलों का निपटारा करना तथा सेवा नियमों और अनुशासन से जुड़े मामलों में कानूनी सहायता प्रदान करना होती है. सेना में कानून और अनुशासन बनाए रखने में जेएजी अधिकारियों की अहम भूमिका रहती है.
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दी गई सभी पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लें. आवेदन प्रक्रिया अंतिम तिथि से पहले पूरी कर लें और भर्ती से जुड़े सभी नए अपडेट, एसएसबी इंटरव्यू कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें.