मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल ठिकानों, रियाद एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों पर हमले करने का दावा किया है. संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
हूतियों ने कुल छह सैन्य ऑपरेशन चलाने की बात कही है. संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर यमन में सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई जारी रहती है, तो वह भी जवाबी हमले जारी रखेगा.
हूतियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बताया कि पहले ऑपरेशन में सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सरकारी तेल कंपनी अरामको के ठिकानों को निशाना बनाया गया. इसमें तेल भंडारण टैंकों और एक डिस्टिलेशन टावर पर हमला करने का दावा किया गया है.
सरी ने इसे सफल सैन्य ऑपरेशन बताया. दूसरे हमले में पूर्वी सऊदी अरब के खुरैस इलाके में अरामको की सुविधाओं को निशाना बनाने की बात कही गई. वहीं, तीसरे ऑपरेशन में दवादमी के पंपिंग स्टेशन नंबर 8 पर हमला करने का दावा किया गया. हालांकि, इन हमलों से हुए नुकसान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
हूतियों के मुताबिक, बाकी तीन सैन्य ऑपरेशन सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और सैनिकों के खिलाफ किए गए. इनमें से एक हमला नजरान में सऊदी नेशनल गार्ड के कैंप पर किया गया. याह्या सरी ने इस हमले में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने का दावा किया है.
इसके अलावा, यमन के मारिब और अल-जौफ इलाकों में तैनात सऊदी सैनिकों के जमावड़े को भी निशाना बनाने की बात कही गई. हूतियों ने इन हमलों में सैनिकों के हताहत होने का दावा किया है. हालांकि, इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि पिछले 24 घंटे के दौरान सऊदी सेना ने यमन में 105 हवाई और मिसाइल हमले किए. उनके मुताबिक, ये हमले सना, अल-जौफ, ताइज, अमरान, हज्जाह, सादा, मारिब और लाहज में किए गए.
सरी ने दावा किया कि इन हमलों में F-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि ये विमान खामिस मुशैत और ताइफ के एयरबेस से उड़ान भरकर आए थे. इसके अलावा नजरान और जिजान से मिसाइलें दागे जाने का भी आरोप लगाया गया.
हूतियों ने दावा किया कि इन हमलों में कई आम नागरिकों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए. संगठन के मुताबिक, इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल थे. याह्या सरी ने यह भी दावा किया कि तनाव शुरू होने के बाद से यमन में सऊदी अरब के हवाई और मिसाइल हमलों की कुल संख्या 4,369 हो गई है.
इसी दिन यमन की राजधानी सना के पास एक गांव में घरों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए जाने की खबर सामने आई. हूतियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने दावा किया कि इन हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई और करीब 30 लोग घायल हो गए.
दूसरी ओर, यमन की सरकारी सेना ने दावा किया कि उसने मारिब के उत्तरी मोर्चे पर हूतियों की सैन्य गतिविधियों को रोक दिया है. सेना के मुताबिक, इस कार्रवाई में लड़ाकू उपकरण नष्ट किए गए और मोर्चे के पास मौजूद हूती लड़ाकों को निष्क्रिय कर दिया गया.
ताजा हमलों के बाद हूतियों ने सऊदी अरब को चेतावनी दी है कि यमन में सैन्य कार्रवाई जारी रहने पर जवाबी हमले भी जारी रहेंगे. याह्या सरी ने सऊदी सैनिकों और अधिकारियों को निशाना बनाने की बात कही है. इस घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से किए गए कई दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.