menu-icon
India Daily

'युद्ध ज्यादा दिन नहीं चलेगा...' ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान को परमाणु हथियार पर सख्त चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है. व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि युद्ध अब ज्यादा लंबे समय तक नहीं चलेगा.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
'युद्ध ज्यादा दिन नहीं चलेगा...' ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान को परमाणु हथियार पर सख्त चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और जल्द इसके समाप्त होने की उम्मीद है.ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा. इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी सेना में हथियारों की कमी से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों को भी गलत बताते हुए खारिज कर दिया.

युद्ध जल्द खत्म होने की जताई उम्मीद

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें लगता है कि ईरान ज्यादा समय तक इस संघर्ष को जारी नहीं रख पाएगा. उन्होंने कहा कि युद्ध जल्द समाप्त होना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि ऐसा बहुत जल्द देखने को मिलेगा. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है.

परमाणु हथियारों पर दोहराया अमेरिका का रुख

ट्रंप ने दो टूक कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. उनके मुताबिक यदि ऐसा हुआ तो इसके परिणाम पूरी दुनिया के लिए विनाशकारी हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिका का रुख पहले की तरह स्पष्ट और सख्त बना हुआ है.

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर भी दिया बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. उन्होंने अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी की सराहना करते हुए कहा कि इससे इस अहम समुद्री मार्ग पर निगरानी बनाए रखने में मदद मिली है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में एक बारूदी सुरंग भी बड़े जहाजों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है.

हथियारों की कमी की रिपोर्ट को बताया गलत

हाल ही में एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिकी सेना हथियारों की कमी का सामना कर रही है और ट्रंप ने इस मुद्दे पर रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से जवाब मांगा है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने रिपोर्ट को पूरी तरह गलत और अफवाह बताया.

पीट हेगसेथ का किया बचाव

ट्रंप ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा कि वह अपने काम को अच्छी तरह निभा रहे हैं और सेना के भीतर उनका सम्मान है. ट्रंप ने कहा कि वह हेगसेथ के काम से बेहद संतुष्ट हैं और उन पर पूरा भरोसा रखते हैं.

वॉशिंगटन पोस्ट पर साधा निशाना

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट की आलोचना की. उन्होंने कहा कि संबंधित खबर पूरी तरह झूठी है और इसे अफवाह फैलाने के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया. ट्रंप ने मीडिया रिपोर्टिंग पर भी सवाल उठाए और इसे पूरी तरह गलत करार दिया.