menu-icon
India Daily

Russia Ukraine War: खत्म होने वाला है रूस-यूक्रेन युद्ध! शांति की कोशिशों में भारत ने बढ़ाया कदम

रूस और यूक्रेन के बीच करीब चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता शुरू हुई है. अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के प्रतिनिधि अबू धाबी में बातचीत कर रहे हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Russia Ukraine War: खत्म होने वाला है रूस-यूक्रेन युद्ध! शांति की कोशिशों में भारत ने बढ़ाया कदम
Courtesy: Pinterest

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब चार साल से जारी युद्ध अब खत्म होने की उम्मीद जगी है. दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं. इसी कड़ी में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि अमेरिका की मध्यस्थता में अबू धाबी में शांति वार्ता कर रहे हैं. 

इस बीच भारत ने भी युद्ध समाप्त कराने के लिए अपनी राजनयिक कोशिशों की जानकारी दी है. भारत का कहना है कि वह दोनों देशों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है और इस प्रक्रिया में उच्चतम स्तर पर संपर्क बनाए हुए है.

युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौते पर जोर

भारत इस युद्ध को समाप्त करने के लिए ऐसे समझौते पर जोर दे रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम हो सके. इसमें काला सागर में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही, अनाज और ऊर्जा के निर्यात को जारी रखने तथा एक-दूसरे पर हमले रोकने जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं. माना जा रहा है कि इन मुद्दों पर सहमति बनने से युद्ध को समाप्त करने की दिशा में रास्ता खुल सकता है.

भारत कर रहा है दोनों देशों से बातचीत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत की राजनयिक कोशिशों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भारत रूस और यूक्रेन के साथ-साथ इस मामले से जुड़े अन्य पक्षों के संपर्क में है. इन सभी के साथ उच्चतम स्तर पर बातचीत की जा रही है.

जायसवाल ने कहा कि यूक्रेन के मामले में भारत की ओर से कई तरह की पहल की जा रही हैं. नई दिल्ली दोनों देशों और संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है. भारत का मानना है कि बातचीत और कूटनीति के जरिए ही इस संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है.

मोदी और जयशंकर ने की अहम बातचीत

विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बातचीत की थी. वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ भी चर्चा की थी. इन बातचीत को रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच भारत की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है. भारत शुरुआत से ही दोनों देशों के साथ अपने संबंध बनाए रखते हुए युद्ध समाप्त करने और शांति स्थापित करने की अपील करता रहा है.

क्यों अहम है काला सागर का मुद्दा?

भारत की कोशिशों में काला सागर में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही भी एक अहम मुद्दा है. यह समुद्री मार्ग अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से महत्वपूर्ण है. इसके जरिए अनाज और ऊर्जा से जुड़े उत्पादों का निर्यात होता है. युद्ध के कारण इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही और व्यापार प्रभावित हुआ है.

भारत चाहता है कि दोनों देशों के बीच ऐसी व्यवस्था बने, जिससे व्यापारिक जहाजों को निशाना न बनाया जाए और अनाज तथा ऊर्जा का निर्यात बिना रुकावट जारी रह सके. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच एक-दूसरे पर हमला नहीं करने की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है.

चार साल में हजारों लोगों की गई जान

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की शुरुआत 24 फरवरी 2022 को हुई थी. इसी दिन रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला शुरू किया था. तब से दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है. इस युद्ध में अब तक हजारों आम नागरिकों की जान जा चुकी है और लाखों लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है.

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से कम से कम 17,968 आम नागरिक मारे जा चुके हैं. वहीं, UNHCR और IOM के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 95 लाख यूक्रेनी लोग विस्थापित हुए हैं. इनमें लगभग 59 लाख लोग दूसरे देशों में शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं, जबकि करीब 36 लाख लोग यूक्रेन के भीतर ही अपना घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हैं.

अबू धाबी में शुरू हुई शांति वार्ता और भारत की राजनयिक पहल से युद्ध समाप्त होने की उम्मीदें बढ़ी हैं. हालांकि, अभी किसी अंतिम समझौते की घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों देश बातचीत के जरिए किन मुद्दों पर सहमति बना पाते हैं.