नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान को लेकर फैसला करने की स्थिति में हैं और जल्द बड़े घटनाक्रम हो सकते हैं. तेहरान ने भी बातचीत के लिए अपनी शर्तें सामने रखी हैं.
फॉक्स न्यूज से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान को लेकर तीन संभावित रास्तों का उल्लेख किया. उनके मुताबिक इनमें सैन्य कार्रवाई, ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखना और समझौते की कोशिश शामिल हैं. ट्रंप ने कहा कि वह इस समय “deciding mode” में हैं और आने वाले समय में बड़े फैसले हो सकते हैं. उन्होंने ईरान से अपने रुख में बदलाव करने को भी कहा.
ट्रंप के बयान से पहले ईरान ने कतर के जरिए अमेरिका तक बातचीत से जुड़ी अपनी शर्तें पहुंचाई थीं. ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजई के मुताबिक, तेहरान चाहता है कि सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म हो, उसके फ्रीज किए गए फंड जारी किए जाएं और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाई जाए. ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को भी अमेरिकी प्रतिबद्धताओं से जोड़ा है.
ईरान की ओर से बातचीत का रास्ता खुला रखने के साथ सैन्य प्रतिक्रिया की चेतावनी भी दी गई है. तेहरान का कहना है कि अगर अमेरिकी कार्रवाई आगे बढ़ती है तो वह जवाब देने के लिए तैयार है. ईरानी सैन्य कमान ने भी दावा किया है कि उसे अमेरिका और कुछ क्षेत्रीय देशों की संभावित नई सैन्य कार्रवाई की जानकारी मिली है. इस बीच क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा का आगामी सत्र भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान न्यूयॉर्क पहुंचने की तैयारी में हैं. ट्रंप से जब उनसे मुलाकात की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह इसके लिए “probably open” हैं. हालांकि, दोनों देशों के बीच युद्ध और होर्मुज को लेकर जारी गतिरोध के बीच ऐसी बैठक से क्या नतीजा निकलेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है.