menu-icon
India Daily

मौत से पहले एक-दूसरे को हग और किस कर रहे थे मलाईका और नवम, न्यूयॉर्क सबवे हादसे में पुलिस का बड़ा खुलासा

न्यूयॉर्क सबवे हादसे में भारतीय मूल की मलाईका चित्रे और नेपाली मूल के नवम कौल की मौत के मामले में नए खुलासे हुए हैं. हादसे से ठीक पहले दोनों एक-दूसरे को गले लगाते और चूमते दिखे थे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मौत से पहले एक-दूसरे को हग और किस कर रहे थे मलाईका और नवम, न्यूयॉर्क सबवे हादसे में पुलिस का बड़ा खुलासा
Courtesy: LinkedIn

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में सबवे ट्रेन की चपेट में आने से जान गंवाने वाली 24 वर्षीय मलाईका चित्रे और उनके दोस्त नवम कौल की मौत के मामले में नई जानकारियां सामने आई हैं. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और जांच अधिकारियों द्वारा जुटाए गए शुरुआती साक्ष्यों से ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना एक आत्महत्या नहीं थी.

हादसे से पहले एक-दूसरे को गले लगा रहे थे दोनों

'न्यू यॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले मलाईका और नवम प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे को गले लगा रहे थे और किस कर रहे थे. इसी दौरान नवम का संतुलन बिगड़ गया और वह पटरियों पर गिर गए, जिससे उनके सिर में चोट लग गई. उन्हें मुसीबत में देख मलाईका भी उनकी मदद के लिए पटरियों पर उतर गईं. सीसीटीवी फुटेज में ट्रेन आने से ठीक पहले दोनों पटरियों पर बैठे दिखे. ट्रेन चालक ने आपात्कालीन ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन दूरी कम होने के कारण टक्कर को नहीं टाला जा सका.

कौन थे मलाईका चित्रे और नवम कौल?

मलाईका चित्रे और नवम कौल न्यू जर्सी के एक ही इलाके में पले-बढ़े बचपन के गहरे दोस्त थे. दोनों ने दो साल पहले रटगर्स यूनिवर्सिटी से स्नातक किया था और एक ही दक्षिण एशियाई सोशल ग्रुप का हिस्सा थे. मलाईका 'अकाडिया फार्मास्यूटिकल्स' में क्वालिटी ऑपरेशन्स स्पेशलिस्ट के पद पर कार्यरत थीं और टेम्पल यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई कर रही थीं. वहीं, नेपाली मूल के नवम कौल न्यूयॉर्क में 'ब्लूमबर्ग' में फाइनेंशियल डेटा एनालिस्ट के रूप में काम कर रहे थे.

मामले की गहराई से जांच कर रही पुलिस

फिलहाल न्यू यॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है. सीसीटीवी फुटेज और ट्रेन ऑपरेटर के बयानों को मामले का अहम हिस्सा बनाया गया है. हालांकि दोनों के पटरियों पर मौजूद होने की सही वजहों को समझने के लिए फोरेंसिक और अन्य पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है.