menu-icon
India Daily

अमेरिका ने ईरान को दिया बड़ा ऑफर! तेल प्रतिबंधों में अस्थायी राहत देने की बात कही; क्या है नई डील की रूपरेखा

अमेरिका ने ईरान के तेल सेक्टर पर लगे प्रतिबंधों में अस्थायी राहत देने का प्रस्ताव रखा है. नई वार्ता रूपरेखा के तहत बातचीत जारी रहने तक कुछ प्रतिबंध हटाए जा सकते हैं. वहीं ईरान सभी अमेरिकी प्रतिबंध पूरी तरह हटाने की मांग पर अड़ा है.

Dhiraj Kumar Dhillon
अमेरिका ने ईरान को दिया बड़ा ऑफर! तेल प्रतिबंधों में अस्थायी राहत देने की बात कही;  क्या है नई डील की रूपरेखा
Courtesy: Google

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कब क्या कह दें? कब क्या कर दें? कहा नहीं जा सकता. रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने जहां ईरान को जल्द ही अमेरिका की शांति शर्तें ने मानने पर सब कुछ तबाह करने की धमकी दी थी, वहीं सोमवार को अमेरिका का रुख उसके एकदम उलट नजर आया. ईरान की अर्द्ध सरकारी एजेंसी तस्नीम के मुताबिक अमेरिका ईरानी तेल में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने को तैयार हो गया है. यह अमेरिका की नई कूटनीतिक पहल मानी जा रही है. एजेंसी ने बताया कि अमेरिका की ओर वार्ता के दी गई नई रूपरेखा में कुछ प्रतिबंधों पर अस्थाई रूप से राहत देने की बात कही है.

अमेरिका हुआ नरम, ईरान अपनी शर्तों पर कायम

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की ओर से शांति वार्ता के लिए दी गई रूपरेखा पहले एकदम अलग है, क्योंकि इस रूपरेखा में अमेरिका ने पहले ही ईरान पर लगाए प्रतिबंधों में राहत देने की बात कही है. यानी बातचीत के दौरान ही अमेरिका ने ईरान के लिए राहत ऑफर की है, हालांकि ईरान अभी भी अपनी शर्तों पर कायम है. ईरान का कहना है कि किसी भी दीर्घकालिक समझौते के लिए अमेरिका को प्रतिबंधों को स्थाई रूप से हटाना होगा. दरअसल ईरान इसलिए पहले ही गारंटी लेना चाहता है कि अमेरिका की इसे मानने की प्रतिबद्धता रहे.

OFAC के कुछ प्रतिबंधों पर छूट देना चाहता है यूएसः ईरान

तस्नीम की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल अमेरिका केवल ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल यानी ओएफएसी के कुछ प्रतिबंधों में अस्थाई छूट देने को तैयार है. यह छूट तब तक लागू रहेगी, जब तक दोनों देशों के बीच कोई व्यापक और अंतिम समझौता नहीं हो जाता. इसी बीच रॉयटर्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने पश्चिम एशिया संकट खत्म करने के लिए एक संसोधित प्रस्ताव अमेरिका को भेजा है. यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंचाया गया है.