menu-icon
India Daily

ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा नया प्रस्ताव, ट्रंप ने दी तबाही की धमकी, बोले- देर की तो कुछ नहीं बचेगा

पश्चिम एशिया संकट के बीच ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को नया संशोधित प्रस्ताव भेजा है. वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि समय तेजी से खत्म हो रहा है. इस तनाव के कारण कच्चे तेल और पेट्रोल की कीमतों में भारी उछाल आया है.

Dhiraj Kumar Dhillon
ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा नया प्रस्ताव, ट्रंप ने दी तबाही की धमकी, बोले- देर की तो कुछ नहीं बचेगा
Courtesy: Social Media

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को नया शांति प्रस्ताव भेजा है.  न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा गया है. पाकिस्तानी सूत्रों का कहना है कि समय बहुत कम लेकिन दोनों पक्ष लगातार अपनी शर्तें बदल रहे हैं.  बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को चेतावनी देते हुए कह‌ा है कि कहा कि घड़ी तेजी से चल रही है, ईरान को जल्दी निर्णय लेना होगा. ट्रंप ने कहा कि ईरान यदि अमेरिका की बात नहीं मानेगा तो उसे पहले से भी कहीं अधिक नुकसान होगा और ईरान में कुछ भी नहीं बचेगा.

डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दी ईरान को धमकी- देर हुई तो कुछ नहीं बचेगा

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक अपनी चीन यात्रा के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने श‌निवार को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मार्को रूबियो, सीआईए डायरेक्टर जॉन रेडक्लिफ और अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ वेस्ट एशिया संकट को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक के अगले दिन रविवार को डोनाल्ड ट्रंप ने जल्द फैसला न लेने पर ईरान में सब कुछ नष्ट कर देने की धमकी दी. 

ट्रंप का ईरान पर एकतरफा शर्तें लादने का आरोप

बता दें पिछले कुछ दिनों से अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता ठंडे वस्ते में जाती दिख रही है. 11 मई को ट्रंप ने कहा था कि सीजफायर लाइफ सपोर्ट पर है और ईरान एकतरफा मांगें बढ़ाकर सीजफायर को और कमजोर करने में लगा है. ट्रंप ने ईरान पर एकतरफा मांगे बढ़ाते जाने का आरोप लगाते हुए उस समय दिए गए ईरानी शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. हालांकि इस बीच ट्रंप कूटनीतिक प्रयासों से मामला सुलझाने की बात भी करते रहे. 

अमेरिका की धमकियों के आगे नहीं झुक रहा ईरान 

इस बीच अमेरिका ने बंदरगाहों की नाकेबंदी और आर्थिक प्रतिबंध लगाने जैसी कई धम‌कियां दीं लेकिन ईरान अमेरिका की धमकियों के आगे झुकने को तैयार नहीं है. दूसरी ओर इस तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिसके चलते पूरी दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है.