menu-icon
India Daily

Ramayana Part 1 LA Premiere: लॉस एंजिल्स में छाया रामायण का जादू, रणबीर-साई-यश ने रेड कार्पेट पर मचाई धूम

लॉस एंजिल्स में रामायण पार्ट 1 का भव्य प्रीमियर आयोजित हुआ, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश ने रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरा. रणबीर सिल्वर बंदगला, साई पल्लवी लाल साड़ी और यश ब्लैक आउटफिट में नजर आए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Ramayana Part 1 LA Premiere: लॉस एंजिल्स में छाया रामायण का जादू, रणबीर-साई-यश ने रेड कार्पेट पर मचाई धूम
Courtesy: @tweet2prashant X Account

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म रामायण पार्ट 1 का लॉस एंजिल्स में भव्य प्रीमियर हुआ. फिल्म का यह खास आयोजन बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में किया गया. इस मौके पर फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश ने रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी से सबका ध्यान खींचा. प्रीमियर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर प्रीमियर में सिल्वर शिमरी बंदगला पहने नजर आए. उनका लुक काफी आकर्षक और रॉयल दिखाई दिया. वहीं माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी लाल साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं. उन्होंने अपने लुक को सिंपल रखा और बालों को खुला रखते हुए हल्की ज्वेलरी के साथ अपना पारंपरिक अंदाज पूरा किया.

रावण की भूमिका में यश

यश फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं. लॉस एंजिल्स प्रीमियर में वह पूरी तरह ब्लैक आउटफिट में नजर आए. उन्होंने ब्लैक सनग्लासेस के साथ अपने लुक को पूरा किया. यश की पत्नी राधिका पंडित भी प्रीमियर में पहुंचीं और वह हरे और सुनहरे रंग की सिल्क साड़ी में नजर आईं.

प्रीमियर के दौरान रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश ने कैमरों के सामने एक साथ पोज दिए और वहां मौजूद फैंस का अभिवादन किया. सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में स्क्रीनिंग हॉल दर्शकों से भरा हुआ दिखाई दे रहा है. इन तस्वीरों और वीडियो को फैंस जमकर शेयर कर रहे हैं.

कौन-कौन था मौजूद?

फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी इस खास आयोजन में मौजूद रहे. प्रीमियर में जेडा पिंकेट स्मिथ, रोहिणी अय्यर, बेंजी केली और गिसेला मारेंगो समेत कई अन्य हस्तियां भी पहुंचीं.

रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड की कहानी भारतीय पौराणिक कथा रामायण पर आधारित है. फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. इसके अलावा सनी देओल हनुमान, अरुण गोविल दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रवि दुबे लक्ष्मण, अनुपम खेर जटायु और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में नजर आएंगी.

फिल्म रामायण पार्ट 1 को दुनियाभर में 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन बैनर प्राइम फोकस और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने मिलकर किया है. फिल्म का दूसरा भाग रामायण पार्ट 2 दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.