menu-icon
India Daily

समुद्र में बड़ा हमला, MV Golden Leo पर मिसाइल अटैक; 4 भारतीय क्रू मेंबर्स की मौत

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए एमवी गोल्डन लियो जहाज पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय क्रू सदस्यों की मौत हो गई. एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है. भारत ने हमले की कड़ी निंदा की है.

KanhaiyaaZee
समुद्र में बड़ा हमला, MV Golden Leo पर मिसाइल अटैक; 4 भारतीय क्रू मेंबर्स की मौत
Courtesy: X/@BlackSkyINFO

नई दिल्ली: यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए कार्गो जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है. विदेश मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जहाज पर पांच भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें एक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. भारत ने इस हमले पर गहरा दुख जताते हुए इसे कमर्शियल शिपिंग और निर्दोष नागरिकों के खिलाफ गंभीर हमला बताया है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार 19 जुलाई 2026 को एमवी गोल्डन लियो यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से अनाज लेकर रवाना हुआ था. जहाज के समुद्र में पहुंचने के कुछ समय बाद उस पर हमला हुआ. यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि जहाज को रूस की मिसाइलों से निशाना बनाया गया. उस समय जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय भी शामिल थे.

चार भारतीयों की मौत, एक का इलाज जारी

हमले में चार भारतीय क्रू सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया. विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन स्थित भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल भारतीय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

भारत ने हमले की कड़ी निंदा की

विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष क्रू सदस्यों की जान खतरे में डालना पूरी तरह अस्वीकार्य है. भारत ने साफ कहा कि समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता को बाधित करने वाले ऐसे हमलों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए. सरकार ने सुरक्षित समुद्री मार्ग बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

हमले के बाद चला बचाव अभियान

यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार जहाज पर तीन क्रूज मिसाइलें गिरीं, जिससे उसमें आग लग गई. समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण ने रात भर खोज और बचाव अभियान चलाया. इस हमले में नौ क्रू सदस्य और एक समुद्री पायलट की मौत हुई. आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. जहाज पर भारतीय और सीरियाई नागरिक क्रू सदस्य के रूप में तैनात थे.

काला सागर में बढ़ा समुद्री खतरा

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब काला सागर और आजोव सागर में रूस और यूक्रेन के बीच सैन्य गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं. इससे अनाज निर्यात और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर असर पड़ रहा है. एलएसईजी के शिपिंग डेटा के अनुसार एमवी गोल्डन लियो मुंबई स्थित ओशन ग्रेस शिपिंग लिमिटेड का जहाज है, जबकि इसका संचालन फ्रेंड्स शिपिंग कंपनी एसए कर रही है.