menu-icon
India Daily

टोलेडो फेस्टिवल में चली गोलियां, 12 लोग घायल; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलेडो शहर में शनिवार की शाम आयोजित ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी की घटना में कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
टोलेडो फेस्टिवल में चली गोलियां, 12 लोग घायल; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
Courtesy: Pinterest

अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलेडो शहर में शनिवार की शाम आयोजित ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. हर साल होने वाले इस दो दिवसीय फेस्टिवल के दौरान कम से कम 12 लोग घायल हो गए.

टोलेडो का फेमस फेस्टिवल लाइव म्यूजिक और होम टूर्स के लिए जाना जाता है. यह फेस्टिवल स्थानीय समुदाय के लिए एक पसंदीदा आयोजन माना जाता है, लेकिन इस बार हिंसा ने लोगों में डर पैदा कर दिया है. हमले की सूचना मिलते ही पुलिस फेस्टिवल ग्राउंड पर पहुंची. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

लोगों में डर का माहौल 

इस घटना का कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसमें अफरातफरी का मंजर साफ नजर आ रहा है. गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगते हैं. वीडियो में खासतौर पर बच्चों और महिलाओं को चीखते सुना जा सकता है जो सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर भाग रहे हैं. घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और अपनी जांच शुरू कर दी. हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही गोलीबारी के पीछे का कोई स्पष्ट कारण सामने आया है. अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस घटना पर ओहायो के गवर्नर माइक डीवाइन ने गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि मैं आज रात टोलेडो की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हूं. कोई भी फेस्टिवल परिवारों के लिए एक सुरक्षित जगह होनी चाहिए, जहां वे बिना किसी हिंसा के डर के अपने परिवार के साथ अच्छा समय बिता सकें. टोलेडो सिटी काउंसिल की सदस्य थेरेसा मॉरिस ने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह घटना न सिर्फ स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि हर साल इस फेस्टिवल का मजा लेने आने वाले सैकड़ों लोगों के लिए भी बेहद दर्दनाक थीं. उन्होंने बताया कि इस घटना में कम से कम आठ लोग गोली लगने से घायल हो गए.