Poonch Fire Incident: जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट के बुफलियाज इलाके में भीषण आग लग गई, जिससे स्थानीय बाजार की कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा. आग तेजी से फैल गई और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई पूरी तरह जलकर खाक हो गए और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ. दमकल और आपातकालीन सेवाएं, स्थानीय निवासियों के साथ, घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए.
नोएडा के सेक्टर 74 में आईवी काउंटी हाईराइज रिहायशी सोसायटी में गुरुवार को एक बहुमंजिला टावर के 12वें फ्लोर के फ्लैट में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट की खिड़कियों, बालकनी से ऊंची लपटें उठने लगीं. घना काला धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. वहां मौजूद लोगों के अनुसार आग लगते ही सोसायटी के लोगों में हड़कंप मच गया. कई निवासी अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए. ऊंची इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं.
आग 12वें फ्लोर पर लगी थी, इसलिए राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बन गया. दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक क्रेन और दूसरे आग बूझाने वाले उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की. ऊंचाई और तेज लपटों के कारण आग बुझाने में खास सावधानी बरती जा रही है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने प्रभावित टावर के साथ साथ आसपास के फ्लैटों को भी खाली कराने का फैसला लिया. निवासियों को लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों के जरिए नीचे उतारा गया ताकि किसी भी प्रकार का जोखिम न रहे. कई परिवार अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए.
इससे पहले दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई. इस इलाके में एक लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट है, जिसके बेसमेंट में आग लगने से करीब 21 लोगों की जान चली गई. अधिकारियों के अनुसार, आग रेस्टोरेंट के बेसमेंट में लगी थी. इस बात की जानकारी दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 9:45 बजे मिली. घटना का पता चलते ही फायर सर्विस तुरंत मौके पर पहुंच गई. हालांकि इस मामले की जांच अभी भी जारी है.