menu-icon
India Daily

यूपी-बिहार समेत देश के 17 राज्यों में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश के अलर्ट ने बढ़ाई लोगो चिंता

IMD ने 7 जून को देश के 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. यूपी, बिहार, झारखंड, हिमाचल और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के लिए क्या चेतावनी दी गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी-बिहार समेत देश के 17 राज्यों में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश के अलर्ट ने बढ़ाई लोगो चिंता
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने 7 जून के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों को कवर कर लिया है. अगले सात दिनों के दौरान दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं अगले दो से पांच दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने क्या जारी किया अलर्ट?

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, त्रिपुरा, मणिपुर और लद्दाख समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 7 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. राजधानी में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हालांकि 8 और 9 जून को तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है और पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है.

पूर्वी जिलों की क्या है स्थिति?

उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों जैसे वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, अयोध्या, अमेठी और देवरिया में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार के पटना, गया, नालंदा, वैशाली और सारण सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भागलपुर और बांका में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

राजस्थान के कई जिलों में धूलभरी आंधी और गर्मी का असर बना रहेगा. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. झारखंड में भी 7 से 10 जून के बीच गरज-चमक, बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.