Idaho Shooting Case Update: अमेरिका के इडाहो में एक सामान्य शनिवार की दोपहर अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठी. ट्विन फॉल्स के इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट में हुए इस हमले का नया सीसीटीवी वीडियो पुलिस ने जारी किया है. फुटेज में गोलीबारी के दौरान मची अफरा-तफरी और हमलावर की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. पुलिस के मुताबिक, इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 10 लोग गोली लगने से घायल हुए. हमलावर की पहचान 24 वर्षीय चाड विलियम्स के तौर पर हुई है. पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने बताया कि गोलीबारी रेस्टोरेंट तक ही सीमित नहीं रही. रेस्टोरेंट के अंदर और बाहर के अलावा पास की व्यस्त सड़क तथा ट्विन फॉल्स विजिटर्स सेंटर की कार चार्जिंग स्टेशन वाली जगह पर भी लोग इसकी चपेट में आए. पुलिस के मुताबिक, हमले का कारण अभी पता नहीं चल सका है. अधिकारियों के पहुंचने से पहले और बाद में कई लोगों ने साहस दिखाया. आखिरकार हमलावर ने खुदकुशी कर ली.
पुलिस द्वारा जारी वीडियो में हमले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस के अनुसार, चाड विलियम्स ड्राइव-थ्रू खिड़की के पास चार बार पहुंचा और वहां गोलीबारी की. इसी दौरान इन-एन-आउट बर्गर के एक कर्मचारी की गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बीच आसपास मौजूद दूसरे दुकानों के कर्मचारी जान बचाने के लिए वहां से भागकर पैदल रास्ते की तरफ चले गए. कुछ ही समय में पूरा इलाका भय और अफरा-तफरी से भर गया.
🇺🇸 Footage has been released of the In-N-Out Burger in Idaho where Chad Williams killed 3 people and injured 7 before being confronted by off-duty officers and armed civilians!
— Mario Nawfal (@MarioNawfal) August 7, 2026
He then died from a self-inflicted gunshot wound.
Police say he acted alone. Motive still unknown.…
जब हमलावर पैदल रास्ते की ओर बढ़ा तो उसका सामना दो लोगों से हुआ. वीडियो में एक व्यक्ति हाथ ऊपर किए उससे बात करता दिखाई देता है. पुलिस के मुताबिक, उस व्यक्ति ने बातचीत के जरिए हमलावर का ध्यान अपनी ओर खींचा. इससे रास्ते पर मौजूद दूसरे लोगों को वहां से निकलने का समय मिल गया. पुलिस प्रमुख हिक्स ने इस व्यक्ति के साहस की तारीफ की और कहा कि उसकी हिम्मत ने संभवतः कई लोगों को नुकसान से बचने का मौका दिया.
पुलिस ने गोलीबारी के दौरान हमलावर का सामना करने वाले कई लोगों की सराहना की. ड्यूटी से बाहर मौजूद एक राज्य पुलिस अधिकारी ने रेस्टोरेंट के अंदर से विलियम्स पर गोली चलाई. पूर्व पुलिस अधिकारी ए.जे. जेम्स भी गोलीबारी की आवाज सुनकर उसकी तरफ बढ़े और हमलावर का सामना करते समय घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, एक हथियारबंद आम नागरिक ने भी जवाबी गोलीबारी की थी, जिससे हमलावर का ध्यान रेस्टोरेंट से हट गया.
पुलिस ने हमले में मारे गए लोगों की पहचान एश्ले गैरीबे, डेल शुल्त्स और क्रिस्टोफर क्लॉंच के रूप में की है. एश्ले गैरीबे 23 साल की थीं और कैलिफोर्निया के स्टॉकटन की रहने वाली थीं. डेल शुल्त्स की उम्र 66 साल थी और वह साल्ट लेक सिटी के निवासी थे. क्रिस्टोफर क्लॉंच 59 साल के थे और इडाहो के हेगरमैन में रहते थे. पुलिस के अनुसार, कुल 10 लोग गोली लगने से घायल हुए.
पुलिस के मुताबिक, चाड विलियम्स ने खुदकुशी कर ली. उसका शव एक घाटी के पास मिला. जांचकर्ताओं को अभी तक हमले के पीछे की वजह का पता नहीं चला है. जानकारी के अनुसार, विलियम्स कुछ समय के लिए कॉलेज ऑफ सदर्न इडाहो में पढ़ा था और पहले एरिजोना में रह चुका था. ट्विन फॉल्स का यह इन-एन-आउट बर्गर जुलाई में शुरू हुआ था. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.